लखनऊ: उत्तर प्रदेश 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक के बाद एक बहुजन समाज पार्टी में नाराज नेताओं की वापसी हो रही है। इसी क्रम में बसपा सुप्रीमो मायावती से सार्वजनिक रुप से मांफी मांगने के बाद अशोक सिद्धार्थ की घर वापसी हो गई है। उसके कुछ बाद ही अशोक सिद्धार्थ को लेकर बड़ी खबर आ रही है। सूत्रों का दावा है कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने समधी अशोक सिद्धार्थ को बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है। उन्हें केंद्रीय कोऑर्डिनेटर बनाकर 4 राज्यों का प्रभारी बना दिया गया है।
दरअसल मायावती के भतीजे आकाश आनंद के ससुर और पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ ने बीते दिनों एक लंबा-चौड़ा पोस्ट कर बसपा सुप्रीमो से मांफी मांग ली थी। इस मांफीनामा के कुछ घंटे बाद ही मायावती ने अशोक सिद्धार्थ को मांफ करते हुए उनकी पार्टी में वापसी का एलान कर दिया था। यह तब हुआ जब उसके कुछ दिन पहले ही मायावती के भतीजे आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक बनाया जा चुका था। अब इसी क्रम में आकाश के ससुर व मायावती के समधी अशोक सिद्धार्थ को केंद्रीय कॉर्डिनेटर बना दिया गया है। साथ ही उन्हें चार राज्यों की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है।
सूत्रों की माने तो अशोक सिद्धार्थ को गुजरात, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अशोक सिद्धार्थ इन सभी राज्यों में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए काम करेंगे। पार्टी में वापसी के बाद से ऐसी चर्चाएं चल रही थी कि जल्द ही आकाश आनंद की तरह अशोक सिद्धार्थ को भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
इसके अलावा कई अन्य पदाधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी जाने की बात कही जा रही है। बताते चले कि बहुजन समाज पार्टी ने संगठन की दृष्टि से देश को 6 सेक्टर में बांट रखा है। हर सेक्टर में 3 से 4 राज्यों को शामिल किया गया है। उधर सेक्टर के केंद्रीय कॉर्डिनेटर के कामों की समीक्षा का जिम्मा राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के पास है।



