मिलिंद देवड़ा ने की केजरीवाल की तारीफ, काग्रेसी नेता नाराज़

मिलिंद देवड़ा ने की केजरीवाल की तारीफ, कांग्रेस नाराज़

नई दिल्ली- अरविंद केजरीवाल लगातार तीसरी बार दिल्ली की मुख्यमंत्री की कुर्सी पर आसीन हो चुके हैं। लेकिन अरविंद केजरीवाल की तारीफ करने से कांग्रेस के दो नेताओं में घमासान शुरू हो चुका है। दरअसल पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने दिल्ली में पांच साल में राजस्व दोगुना होने को लेकर अरविंद केजरीवाल की तारीफ की। जिससे कांग्रेस के कुछ नेता नाराज़ हो गए। जिसे लेकर कांग्रेस नेता अजय माकन समेत कई नेताओं ने उन पर निशाना साधा। अजय माकन ने यहां तक कह डाला कि अगर आपको कांग्रेस छोड़नी है तो छोड़ सकते हैं।

देवड़ा ने ट्वीट कर की थी केजरीवाल की तारीफ

दरअसल मिलिंद देवड़ा ने ट्विटर पर सीएम केजरीवाल के एक भाषण का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘’एक ऐसी जानकारी साझा कर रहा हूं जिससे कम लोग अवगत हैं. अरविंद केजरीवाल सरकार ने पिछले पांच साल में राजस्व को दोगुना कर दिया है और अब ये 60 हजार करोड़ तक पहुंच गया है. दिल्ली अब भारत का आर्थिक रूप से सबसे सक्षम राज्य बन रहा है.”

माकन ने कांग्रेस छोड़ने की दी नसीहत

देवड़ा के इस ट्वीट पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय माकन ने कड़ी आपत्ति जताई और कुछ आंकड़े रखते हुए कहा, ‘’भाई क्या आप कांग्रेस छोड़ना चाहते हैं? पहले ऐसा कीजिए फिर अधूरी जानकारी फैलाइए. मैं भी एक जानकारी साझा करना चाहता हूं कि कांग्रेस के राज में 14.87% की दर से राजस्व में इजाफा हुआ जबकि आप सरकार में बढ़ोतरी की दर 9.90% है.’’

अलका लांबा ने भी साधा निशाना

पूर्व विधायक अलका लांबा ने भी देवड़ा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘’पहले पिता जी के नाम से पार्टी में आओ, फिर बैठे बैठे टिकेट पाओ,कांग्रेस की लहर में पहली बार में ही केंद्रीय मंत्री भी बन जाओ. जब अपने अपने दम पर लड़ने की बात आए तो हार जाओ,पार्टी में पद की लड़ाई लड़ो, फिर पार्टी को गलियाते हुए, दूसरों के गुणगान में गिटार हाथ में लेकर बजाते रहो.”