देशभर में मानसून का कहर: दिल्ली में 1 सितम्बर तक बारिश, हिमाचल-जम्मू में तबाही, यूपी में थमी बरसात

देशभर में मानसून का कहर: दिल्ली में 1 सितम्बर तक बारिश, हिमाचल-जम्मू में तबाही, यूपी में थमी बरसात

इन दिनों मानसून का देश भर में रौद्र रूप दिखाई दे रहा है. पहाड़ी राज्यों में बादल फटने और पहाड़ दरकने की घटनाएं हो रही हैं. पानी से लबालब भरी नदियां तबाही मचा रही हैं. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है. जम्मू, कठुआ, भद्रवाह, उधमपुर और बटोटे में मूसलाधार बरसात हुई. हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा, कुल्लू, मनाली, मंडी और धर्मशाला में बरसात हुई. धर्मशाला और मंडी में अकेले 24 घंटों में 100 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई.

देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों बीते 24 घंटों में हल्की से मध्यम बरसात देखने को मिली. दिल्ली में मौसम विभाग ने आज भी बारिश और आंधी चलने का अनुमान जताया है. इतना ही नहीं मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अभी बारिश और आंधी का दौर थमने वाला नहीं है. दिल्ली में 30 अगस्त तक बारिश के साथ आंधी चल सकती है. 31 अगस्त और एक सिंतबर को बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

यूपी में थमी बरसात

उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों अच्छी और झमाझम बरसात देखने को मिली. अब मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश में भारी बारिश की संभावना नहीं है. आज पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ स्थानों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा और बौछारें पड़ने की संभावना है, लेकिन भारी बारिश का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने नहीं जताया है. 28 और 29 अगस्त को भी प्रदेश के किसी हिस्से में भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है.

अगले 24 घंटे में कहां-कहां होगी बारिश

अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, सौराष्ट्र और कच्छ में हल्की बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. पंजाब, हरियाणा और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड, पूर्वोत्तर भारत और अंडमान-निकोबार में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा, गुजरात क्षेत्र, कोंकण-गोवा, ओडिशा और उत्तर आंध्र तट में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बौछारें पड़ सकती हैं. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.