प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में सोमवार को विज्ञान भवन में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं. इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि देश की तरक्की, विकास और दुनिया में भारत की पहचान बनाने में महिलाओं की अहम भूमिका है. उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए बनाई गई दूरदर्शी नीतियों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत किया और उनका धन्यवाद भी किया.
मुख्यमंत्री ने भारतीय महिलाओं के ऐतिहासिक संघर्ष को रेखांकित करते हुए कहा कि सती प्रथा, बाल विवाह, अशिक्षा और कन्या भ्रूण हत्या जैसी गंभीर सामाजिक चुनौतियों को पार कर आज की नारी ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है. एक दौर था जब बेटियों के अस्तित्व पर संकट था, लेकिन आज माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से कहीं आगे बढ़कर बेटी बढ़ाओ के युग में प्रवेश कर चुका है.


