NEET UG 2026 काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जारी! 4 अगस्त से शुरू होगी सीट अलॉटमेंट, MCC ने बदले कई बड़े नियम

NEET UG 2026 काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जारी! 4 अगस्त से शुरू होगी सीट अलॉटमेंट, MCC ने बदले कई बड़े नियम

NEET-UG 2026 परीक्षा पास कर मेडिकल कॉलेज में दाखिले का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने आखिरकार ऑल इंडिया कोटा (AIQ) और स्टेट कोटा की काउंसलिंग का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके साथ ही नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की तारीख भी घोषित कर दी गई है। इस बार सिर्फ तारीखें ही नहीं, बल्कि काउंसलिंग प्रक्रिया को पहले से अधिक आसान और पारदर्शी बनाने के लिए कई अहम बदलाव भी किए गए हैं।

अगर आप MBBS, BDS या अन्य अंडरग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में प्रवेश लेना चाहते हैं, तो अब हर चरण की तारीख और समय-सीमा पर नजर रखना बेहद जरूरी होगा। तय समय पर रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग और रिपोर्टिंग नहीं करने पर सीट का मौका हाथ से निकल सकता है।

4 अगस्त से शुरू होगी AIQ काउंसलिंग, जानिए पूरा कार्यक्रम

एमसीसी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑल इंडिया कोटा (AIQ) की पहले चरण की काउंसलिंग 4 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक चलेगी। इस राउंड में सीट पाने वाले उम्मीदवारों को 22 अगस्त तक संबंधित मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

इसके बाद दूसरा राउंड 24 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा, जबकि तीसरा राउंड 10 सितंबर से 18 सितंबर तक चलेगा। जिन सीटों पर इसके बाद भी प्रवेश नहीं हो पाएगा, उनके लिए स्ट्रे वैकेंसी राउंड 28 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच आयोजित होगा। इस अंतिम चरण के बाद 10 अक्टूबर 2026 प्रवेश की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।

NEET-UG 2026 काउंसलिंग शेड्यूल (ऑल इंडिया कोटा एंड स्टेट कोटा)

क्रमांक प्रवेश प्रक्रिया ऑल इंडिया कोटा / डीम्ड एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय MCC द्वारा जॉइन उम्मीदवारों का वेरिफिकेशन स्टेट काउंसलिंग राज्य DME/काउंसलिंग प्राधिकरण द्वारा वेरिफिकेशन
1 पहला राउंड काउंसलिंग 4 अगस्त 2026 17 अगस्त 2026 23 अगस्त 2026 13 अगस्त 2026 22 अगस्त 2026 29 अगस्त 2026
2 जॉइनिंग की अंतिम तारीख 22 अगस्त 2026 28 अगस्त 2026
3 दूसरा राउंड काउंसलिंग 24 अगस्त 2026 2 सितंबर 2026 9 सितंबर 2026 31 अगस्त 2026 8 सितंबर 2026 15 सितंबर 2026
4 जॉइनिंग की अंतिम तारीख 8 सितंबर 2026 14 सितंबर 2026
5 तीसरा राउंड काउंसलिंग 10 सितंबर 2026 18 सितंबर 2026 27 सितंबर 2026 16 सितंबर 2026 26 सितंबर 2026 2 अक्टूबर 2026
6 जॉइनिंग की अंतिम तारीख 26 सितंबर 2026 1 अक्टूबर 2026
7 स्ट्रे वैकेंसी राउंड 28 सितंबर 2026 3 अक्टूबर 2026 3 अक्टूबर 2026 को MCC द्वारा आवंटित अभ्यर्थियों का डेटा साझा किया जाएगा 3 अक्टूबर 2026 5 अक्टूबर 2026
8 जॉइनिंग की अंतिम तारीख 10 अक्टूबर 2026 10 अक्टूबर 2026
9 यूजी पाठ्यक्रमों का नया शैक्षणिक सत्र शुरू 8 सितंबर 2026 8 सितंबर 2026

स्टेट कोटा की काउंसलिंग भी तय, नया सेशन 8 सितंबर से

ऑल इंडिया कोटा के साथ-साथ राज्यों की काउंसलिंग का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। स्टेट कोटा का पहला राउंड 13 अगस्त से 22 अगस्त तक चलेगा और चयनित छात्रों को 28 अगस्त तक संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा।

इसके बाद दूसरा राउंड 31 अगस्त से 8 सितंबर, तीसरा राउंड 16 सितंबर से 26 सितंबर और स्ट्रे वैकेंसी राउंड 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।

एमसीसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि देशभर के मेडिकल कॉलेजों में नया शैक्षणिक सत्र 8 सितंबर 2026 से शुरू होगा। हालांकि इसके बाद भी खाली बची सीटों को भरने के लिए निर्धारित काउंसलिंग राउंड जारी रहेंगे। सभी मेडिकल कॉलेजों और राज्य काउंसलिंग प्राधिकरणों को तय समय-सीमा के भीतर पूरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए शनिवार, रविवार और राजपत्रित अवकाश को भी कार्य दिवस माना जाएगा, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी तरह की देरी न हो।

इस बार काउंसलिंग में हुए कई बड़े बदलाव

NEET-UG 2026 काउंसलिंग में इस बार छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव उन उम्मीदवारों के लिए है जिन्हें पहले से सीट मिल चुकी है और जिन्होंने अपग्रेडेशन (Upgradation) का विकल्प चुना है।

ऐसे अभ्यर्थियों को अब केवल औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के लिए दोबारा कॉलेज जाकर फिजिकल रिपोर्टिंग करने की जरूरत नहीं होगी। उनकी सीट ऑनलाइन सुरक्षित रहेगी और आगे की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जा सकेगी।

इसके अलावा उम्मीदवार अब एमसीसी पोर्टल के जरिए तय नियमों के अनुसार ऑनलाइन इस्तीफा (Online Resignation) भी दे सकेंगे। वहीं डीम्ड यूनिवर्सिटी के NRI कोटे से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को भी अपने जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने की सुविधा दी गई है। इन बदलावों का उद्देश्य काउंसलिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तेज और छात्र-हितैषी बनाना है।

छात्रों को किन बातों का रखना होगा विशेष ध्यान?

काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही छात्रों के लिए सबसे जरूरी बात समय-सीमा का पालन करना है। रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग, सीट अलॉटमेंट, दस्तावेज सत्यापन और कॉलेज रिपोर्टिंग जैसे हर चरण की अलग-अलग अंतिम तिथि तय की गई है।

यदि कोई उम्मीदवार निर्धारित समय के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं करता, तो उसकी सीट अगले उम्मीदवार को आवंटित की जा सकती है। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एमसीसी और संबंधित राज्य काउंसलिंग प्राधिकरण की आधिकारिक समय-सारिणी के अनुसार ही अपनी प्रक्रिया पूरी करें।

NEET-UG 2026 की काउंसलिंग अब अंतिम चरण की तैयारी का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में सही जानकारी, समय पर निर्णय और निर्धारित प्रक्रिया का पालन ही मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की राह आसान बनाएगा।