निषाद पार्टी के सांसद प्रवीण निषाद बीजेपी में शामिल, क्या गोरखपुर से मिलेगा टिकट!

सांसद प्रवीण निषाद

नई दिल्ली। महागठबंधन से निषाद पार्टी के अलग होने के बाद इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि गोरखपुर के सांसद डॉ प्रवीण निषाद बीजेपी में शामिल होंगे। शुक्रवार को यह सच साबित हुआ। गोरखपुर के सांसद डॉ प्रवीण निषाद बीजेपी में शामिल हो गए। यूपी प्रभारी डॉ जेपी नड्डा ने उन्हें भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलवाई।

अभी कुछ दिनों पहले निषाद पार्टी महागठबंधन का हिस्सा बनी थी। लेकिन थोड़े ही वक्त बाद निषाद पार्टी ने बीजेपी के साथ जाने का फैसला किया। इसके साथ ही यह भी साफ हो गया कि अब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर को बीजेपी की ओर से नया सिपहसालार मिल गया है।

निषाद पार्टी लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा का साथ देगी। यूपी में अपना दल और सुभासपा के बाद यह तीसरा दल होगा, जो भाजपा के साथ आएगा। हालांकि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्‍यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने इस बार यूपी में अकेले दम चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।