बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य को लेकर अटकलों के बीच अब जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में उनके बेटे निशांत कुमार की संभावित भूमिका को लेकर मंथन चल रहा है. पार्टी के बड़े तबके का यह मानना है कि नीतीश के बाद निशांत कुमार पार्टी के लिए बेहद जरूरी भी हैं और मजबूरी भी. यही वजह है कि जेडीयू के अंदर से निशांत के राजनीति में सक्रिय होने की मांग बार-बार उठती रही है.
ऐसे में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का मांग को देखते हुए निशांत कुमार जल्द ही पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका में नजर आ सकते है. जेडीयू सूत्रों के मुताबिक इस साल मार्च में दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने वाली है. कार्यकारिणी की बैठक से निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में भूमिका को लेकर कार्यकर्ताओं को संदेश दिया जा सकता है.



