सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह भी घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस मेडिकल ट्रीटमेंट योजना शुरू करेंगे. गडकरी ने नई दिल्ली में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के परिवहन मंत्रियों और परिवहन विकास परिषद की 43वीं बैठक की अध्यक्षता की. उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत, सड़क दुर्घटना पीड़ितों को कम से कम सात दिनों के लिए एक लाख 50 हजार रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा. साथ ही किसी भी सड़क पर दुर्घटना होने पर, पीड़ित को अस्पताल पहुंचाने में मदद करने वाले नेक इंसान को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा.
ऐसे नेक इंसानों को इस योजना के तहत ‘राहवीर’ कहा जाएगा. इस योजना का पायलट प्रोजेक्ट हाल ही में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सफलतापूर्वक पूरा किया गया है.



