बिहार में फिर नीतीश कुमार की वापसी: NDA ने चुना विधायक दल का नेता, 20 नवंबर को लेंगे 10वीं बार शपथ

बिहार में फिर नीतीश कुमार की वापसी: NDA ने चुना विधायक दल का नेता, 20 नवंबर को लेंगे 10वीं बार शपथ

नीतीश कुमार ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे. एनडीए विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लग गई है. सर्वसम्मति से उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया. 20 नवंबर को नीतीश कुमार 10वीं बार सीएम पद की शपथ लेंगे.

इससे पहले नीतीश राजभवन पहुंचकर इस्तीफा देंगे और सरकार बनाने का दावा भी पेश करेंगे. NDA विधायक दल की बैठक से पहले जेडीयू विधायक दल की बैठक हुई थी. इसमें भी उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया था. नीतीश कुमार की नई सरकार में बीजेपी नेता सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ही उपमुख्यमंत्री होंगे. बीजेपी विधायक दल की बैठक में यह फैसला हुआ.

नीतीश कुमार बिहार के 19वें मुख्यमंत्री होंगे

नीतीश कुमार बिहार के 19वें मुख्यमंत्री होंगे. मौजूदा विधानसभा आज भंग कर दी जाएगी. कल पटना के गांधी मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा. 11 बजे से 12.30 बजे के बीच शपथ ग्रहण समारोह होगा. इसमें पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी शासित राज्यों के सीएम के अलावा एनडीए के कई नेता मौजूद रहेंगे.

बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म हो रहा है. इससे पहले नई सरकार का गठन किया जाना है. यही कारण है कि 20 नवंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह है. सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी कोटे से 15-16 मंत्री हो सकते हैं. वहीं, JDU से एक सीएम और 14 मंत्री की संभावना है. चिराग के भी तीन मंत्री शपथ ले सकते हैं इसके अलावा मांझी और कुशवाहा के 1-1 मंत्री हो सकते हैं.