राहुल गांधी ने सदन में किए फ्लाइंग किस के इशारे, भाजपा की महिला सांसदों ने स्पीकर से की शिकायत

राहुल गांधी ने सदन में किए फ्लाइंग किस के इशारे, भाजपा की महिला सांसदों ने स्पीकर से की शिकायत

मणिपुर हिंसा को लेकर लोकसभा में मोदी सरकार पर करारा हमला बोलने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक नए विवाद में घिर गए हैं। राहुल गांधी पर सदन में फ्लाइंग किस के इशारे करने के आरोप लगाए गए हैं। यह आरोप भाजपा की महिला सांसदों और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लगाया है। भाजपा की कई महिला सांसदों ने इस संबंध में लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला से शिकायत भी की है। भाजपा की महिला सांसदों का कहना है कि अविश्वास प्रस्ताव पर भाषण देने के बाद सदन से निकलते समय राहुल गांधी ने फ्लाइंग किस के इशारे किए। लोकसभा में बोलते हुए केंद्रीय महिला एंव बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, मुझ से पहले जिनको यहां बोलने का मौका मिला उन्होंने आज असभ्यता का परिचय दिया है। उन्होंने अपना भाषण खत्म करने के बाद अभद्र व्यवहार किया।

स्मृति ईरानी ने कहा कि जिनको आज मुझसे पहले (राहुल गांधी) वक्तव्य देने का अधिकार दिया गया उन्होंने जाते-जाते एक अभद्र लक्षण के दर्शन दिए। यह केवल एक स्त्रीद्वेषी व्यक्ति ही हो सकता है जो उस संसद में संसद की महिला सदस्यों के रहते हुए फ्लाइंग किस दे। ऐसे गरिमाविहीन आचरण को इस देश के सदन में कभी नहीं देखा गया।

स्मृति ईरानी ने आगे कहा कि जहां कानून बनाने वाले बैठते हैं, वहां आज से पहले इस तरह की हरकत कभी नहीं हुई। राहुल गांधी के इस बर्ताव पर स्पीकर से शिकायत करने वाली केंद्रीय मंत्री शोभा कंरदलाजे ने कहा कि पहली बार ये हो रहा है कि संसद के एक सदस्य संसद के अंदर किसी महिला के सामने फ्लाइंग किस दे रहे हैं। वे क्या नेता हैं? हमने आज स्पीकर को शिकायत की है। हमने मांग की है कि CCTV फुटेज देखकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

मालूम हो कि अविश्वास प्रस्ताव पर बहस में भाग लेने के बाद राहुल गांधी राजस्थान के लिए रवाना हुए। आरोप है कि लोकसभा से निकलते समय उन्होंने फ्लाइंग किस के इशारे किए। इस मामले में भाजपा की कई महिला सांसदों ने लोकसभा स्पीकर से शिकायत भी की है।

लोकसभा से बाहर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने इस मामले में कहा कि वह फ्लाइंग किस देते हैं। राहुल गांधी को क्या हो गया है? वहां (सदन में) इतनी सारी महिलाएं बैठी हैं। उनमें कोई शिष्टाचार नहीं है।

Previous articleअब काशी विश्वनाथ का करें ऑनलाइन रुद्राभिषेक, देने होंगे इतने रुपये
Next articleचांद की तीसरी कक्षा में पहुंचा चंद्रयान-3, जानें अब कितना दूर?