ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के उस बयान पर निशाना साधा, जिसमें उन्होंने भारत के युवाओं से ‘इतिहास का बदला’ लेने को कहा था. साथ ही उन्होंने ने भी कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार इतिहास में ‘कमजोर’ हैं. ओवैसी महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में नगर निगम चुनावों के प्रचार के आखिरी दिन जनसभा को संबोधित कर रहे थे. यहां पर नगर निगम चुनाव के लिए कल गुरुवार (15 जनवरी) को वोट डाले जाएंगे.
ओवैसी ने जनसभा को संबोधित करते हुए NSA डोभाल के इस दावे पर सवाल उठाया कि भारत ने दूसरे देशों पर हमला नहीं किया. उन्होंने कहा कि चोल वंश के राजाओं ने आज के “श्रीलंका, मालदीव, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड” पर राज किया था. छत्रपति संभाजीनगर महाराष्ट्र के उन 29 शहरों और बड़े कस्बों में से एक है, जहां 15 जनवरी को नगर निगम चुनाव होने हैं.



