Pakistan Semifinal Scenario: बारिश से मैच रद्द, अब कैसे पहुंचेगी टीम सेमीफाइनल में?

Pakistan Semifinal Scenario: बारिश से मैच रद्द, अब कैसे पहुंचेगी टीम सेमीफाइनल में?

Pakistan Qualification Scenario For Semifinal: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज की शुरुआत ही बारिश से हुई. ग्रुप-2 में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का पहला मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में रद्द हो गया, क्योंकि लगातार बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी. जिसके चलते नो-रिजल्ट मैच में दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट मिला है. इस मुकाबले का नतीजा ना निकलना पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका है. उसके लिए अब सेमीफाइनल की रेस काफी मुश्किल हो गई है.

अब सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगा पाकिस्तान?

बता दें, सुपर-8 राउंड में हर एक टीम तीन मैच खेलती है, जिसके बाद ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचती हैं. सुपर-8 में कोई पॉइंट्स कैरीओवर नहीं होता, सभी टीमें जीरो से शुरू करती हैं. ऐसे में पाकिस्तान के 1 मैच के बाद 1 पॉइंट है और उसके दो मुकाबले बाकी हैं. पाकिस्तान अगला मुकाबला 24 फरवरी को पल्लेकल में इंग्लैंड के खिलाफ खेलने वाली है. इसके बाद 28 फरवरी को उसी पल्लेकल स्टेडियम में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका की टीम से होगा.

अगर, पाकिस्तान को बिना किसी टीम पर निर्भर हुए सेमीफाइनल में पहुंचा है तो हर हाल में बचे हुए दोनों मुकाबले जीतने होंगे. पाकिस्तान के लिए अब हर मैच ‘डू-ऑर-डाई’ है. अगर वह दोनों मैच जीत लेती है तो उसके 5 पॉइंट्स हो जाएंगे, जो सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने के लिए काफी होंगे. लेकिन पाकिस्तान को 1 मैच में जीत और 1 मैच में हार मिलती है, तो उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा.

3 पॉइंट्स के साथ कैसे मिलेगी जगह?

अगर, पाकिस्तान को बचे हुए 2 मैचों में से 1 में ही जीत मिलती है, तो उसके तीन पॉइंट्स ही रह जाएंगे. ऐसे में पाकिस्तान को उम्मीद करनी होगी कि उनके ग्रुप में एक टीम अपने सभी मैच जीत जाए. वहीं, श्रीलंका को 1 मैच में ही जीत मिले. अगर ऐसा होता है तो पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगी. लेकिन न्यूजीलैंड भी बाकी 2 मैचों में से 1 मैच जीत लेती है तो उसके भी 3 पॉइंट्स हो जाएंगे. जिसके बाद नेट रन रेट से फैसला होगा.