पीएम मोदी ने राहुल गांधी के बयान को आधार बनाकर जमशेदपुर में साधा कांग्रेस और जेएमएम पर निशाना

पीएम मोदी ने राहुल गांधी के बयान को आधार बनाकर जमशेदपुर में साधा कांग्रेस और जेएमएम पर निशाना

जमशेदपुर। लोकसभा चुनाव चल रहे हैं और इसके साथ ही नेता भी जोर-शोर से अपना प्रचार कर रहे हैं। केंद्र में लगातार 10 साल से सत्तारूढ़ बीजेपी की तरफ से पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रचार की कमान संभाल रखी है। इसी कड़ी में मोदी ने रविवार को झारखंड के औद्योगिक शहर जमशेदपुर में जनसभा की। इस जनसभा में मोदी ने कांग्रेस और जेएमएम समेत पूरे विपक्ष पर हमला बोला और कहा कि ये सभी उद्योगपतियों के खिलाफ हैं। मोदी ने ये आरोप लगाया कि जब राहुल गांधी और उनके साथी विपक्षी नेता उद्योगपतियों के खिलाफ बयान देते हैं, तो विपक्ष की सरकार बनने पर कौन उद्योगपति राज्यों में निवेश करने पहुंचेगा।

पीएम मोदी ने जनसभा में कहा कि चुनाव में राष्ट्रीय सुरक्षा, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों और आधारभूत ढांचों पर बात होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस और जेएमएम को इससे मतलब नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षी दलों को विकास का क, ख, ग भी नहीं पता। मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों का तरीका है कि जोर से बोलो और बार-बार झूठ बोलो। मोदी ने कैसे विपक्ष पर निशाना साधा ये देखिए। मोदी ने कहा कि दुनिया जानती है कि जमशेदपुर का नाम जमशेद जी टाटा के नाम पर है, लेकिन कांग्रेस उद्योग करने वालों को देश का दुश्मन मानती है। कांग्रेस और जेएमएम जैसे दलों को भ्रष्टाचार और वसूली से मतलब है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने मुस्लिमों को आरक्षण, विरासत कर और संपत्ति के बंटवारे जैसे मुद्दों को तेजी से उठा रखा है। इन मुद्दों को आधार बनाकर वो कांग्रेस और विपक्षी दलों को लगातार अपना निशाना बना रहे हैं। मोदी ने सबसे पहले आरोप लगाया था कि कांग्रेस का घोषणापत्र आजादी के पहले के मुस्लिम लीग के घोषणापत्र की याद दिलाता है। इसके बाद कांग्रेस के नेता सैम पित्रोदा के बयानों को आधार बनाकर भी मोदी ने कांग्रेस को निशाने पर लिया है। वहीं, पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद चौधरी ने जिस तरह राहुल गांधी के पक्ष में बयान दिया, उससे भी मोदी और बीजेपी के निशाने पर कांग्रेस आ गई है।