‘विरोध पक्ष से अवरोध पक्ष बन गया विपक्ष’, संविधान दिवस पर PM मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, लेख की 10 बड़ी बातें

‘विरोध पक्ष से अवरोध पक्ष बन गया विपक्ष’, संविधान दिवस पर PM मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, लेख की 10 बड़ी बातें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के मौके पर लिखे अपने विशेष लेख में भारतीय संविधान की ऐतिहासिक यात्रा, सामाजिक-आर्थिक न्याय और NDA सरकार के फैसलों का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि एक समय संविधान का इस्तेमाल राजनीतिक हितों के लिए किया गया और आज विपक्ष महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर बाधा डाल रहा है। उन्होंने युवाओं से संविधान को समझने और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील भी की।

संविधान ने आम परिवार के बच्चे को देश की सेवा का मौका दिया

पीएम मोदी ने लेख की शुरुआत डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की सभ्यतागत समझ पर आधारित आधुनिक दस्तावेज है। सरकार ने संविधान दिवस की शुरुआत इसलिए की, ताकि खासकर युवाओं के बीच संविधान के प्रति जागरूकता और जुड़ाव बढ़े।

उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका जन्म ऐसे परिवार में हुआ, जिसके पास कोई विशेष अधिकार या सुविधाएं नहीं थीं। लेकिन संविधान ने उन्हें दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने का अवसर दिया। उनके मुताबिक, अब किसी व्यक्ति के जन्म की परिस्थितियां उसके भविष्य की सीमाएं तय नहीं करतीं।

सामाजिक और आर्थिक न्याय के लिए सरकारी योजनाओं का जिक्र

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि संविधान में सामाजिक और आर्थिक न्याय का जो वादा किया गया था, वह अब जमीन पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं।

इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और UPI का उदाहरण दिया। पीएम मोदी के मुताबिक, इन योजनाओं और सुविधाओं ने आम लोगों के जीवन में नए अवसर पैदा किए हैं।

तीन संवैधानिक संशोधनों को बताया अहम उपलब्धि

पीएम मोदी ने NDA सरकार के कार्यकाल में हुए तीन संवैधानिक संशोधनों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि 101वें संशोधन से GST लागू करने का रास्ता साफ हुआ। 102वें संशोधन के जरिए राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला, जबकि 103वें संशोधन से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि संविधान अब देश के लोगों के और करीब आया है। पहली बार यह आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध है। भारतीय न्याय संहिता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे औपनिवेशिक दौर की दंड-केंद्रित व्यवस्था से नागरिक-केंद्रित न्याय की दिशा में बदलाव हुआ है।

कांग्रेस पर संविधान के दुरुपयोग और महिला आरक्षण रोकने का आरोप

लेख में पीएम मोदी ने पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान किए गए बदलावों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने 42वें संशोधन के जरिए न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित करने का आरोप लगाया और युवाओं से 38वें और 39वें संशोधन का अध्ययन करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कई बार चुनी हुई राज्य सरकारों को हटाने के लिए किया गया।

पीएम मोदी ने 2019 में अनुच्छेद 370 और 35A में किए गए बदलावों को पुरानी गलती सुधारने वाला कदम बताया। उनके मुताबिक, इससे जम्मू-कश्मीर में SC, ST, OBC और महिलाओं को संवैधानिक अधिकारों का लाभ मिलने का रास्ता खुला।

विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वह OBC आरक्षण कम करके मुस्लिम आरक्षण लाना चाहती है। महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने विपक्ष की भूमिका की आलोचना की। पीएम ने लिखा कि मुख्य विपक्षी पार्टी अब ‘विरोध पक्ष’ से ‘अवरोध पक्ष’ बन गई है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में रुकावट डालना संवैधानिक जिम्मेदारियों का विकल्प नहीं हो सकता।

लेख के आखिर में प्रधानमंत्री ने युवाओं को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए दो सिद्धांत दिए—सोच में ‘इंडिया फर्स्ट’ और काम में ‘कर्तव्य’। उन्होंने संविधान को देश की ताकत का स्रोत बताते हुए आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।