प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को साउथ अफ्रीका में आयोजित G20 समिट में शिरकत करने के बाद भारत के लिए रवाना हो गए. इससे पहले उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से जोहानिसबर्ग में मुलाकात की और दोनों नेताओं ने ट्रेड, इन्वेस्टमेंट. टेक्नोलॉजी, एआई, स्पेस. डिफेंस और सिक्योरिटी सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की. इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया और बातचीत की.
बता दें कि इस साल ये पीएम मोदी और मेलोनी की तीसरी मुलाकात है. दोनों नेताओं ने एक द्विपक्षीय बैठक की. इस दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल भी मौजूद थे.

आतंकवाद का मुकाबला मिलकर करेंगे भारत-इटली
जोहानिसबर्ग में जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर हुई इस बैठक के दौरान, पीएम मोदी और मेलोनी ने आतंकवाद के वित्तपोषण का मुकाबला करने के लिए भारत-इटली संयुक्त पहल को अपनाया, जो आतंकवाद से लड़ने के उनके साझा संकल्प को दोहराता है.
पीएम मेलोनी के साथ सार्थक बैठक
बैठक के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, पीएम जॉर्जिया मेलोनी के साथ बहुत सार्थक बैठक हुई. भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है, जिससे हमारे देशों के लोगों को बहुत लाभ हो रहा है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, दोनों नेताओं की बातचीत ट्रेड, इन्वेस्टमेंट. टेक्नोलॉजी, एआई, स्पेस. डिफेंस, सिक्योरिटी, रिसर्च, इनोवेशन और कल्चर के क्षेत्रों में संबंधों को गहरा करने पर केंद्रित रही.

एआई शिखर सम्मेलन के लिए पुरजोर समर्थन
उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-29 पर हो रही प्रगति पर संतोष व्यक्त किया, जिससे दोनों अर्थव्यवस्थाओं और लोगों को लाभ होगा. जायसवाल ने कहा कि पीएम मेलोनी ने 2026 में भारत द्वारा आयोजित किए जाने वाले एआई शिखर सम्मेलन के लिए पुरजोर समर्थन व्यक्त किया.



