7 साल बाद चीन दौरे पर PM मोदी-शी जिनपिंग मुलाकात: बॉर्डर शांति और व्यापार पर बड़ा फोकस

7 साल बाद चीन दौरे पर PM मोदी-शी जिनपिंग मुलाकात: बॉर्डर शांति और व्यापार पर बड़ा फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह पूरे 7 साल बाद अपने पहले चीन दौरे के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. यहां वो SCO की मीटिंग में हिस्सा लेने वाले हैं. तिआनजिन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई. इस बैठक में पीएम मोदी ने चीन और भारत के रिश्तों को लेकर अहम जानकारी दी.

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, पिछले साल कज़ान में हमारी बहुत ही सार्थक चर्चा हुई थी, जिसने हमारे रिश्तों को एक सकारात्मक दिशा मिली. सीमा पर डिसएंगेजमेंट (तनाव कम होने) के बाद शांति और स्थिरता का माहौल बना हुआ है.

मुलाकात में क्या-क्या बोले PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा, हमारे विशेष प्रतिनिधियों (Special Representatives) के बीच बॉर्डर मैनेजमेंट को लेकर सहमति बनी है. कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू हुई है. दोनों देशों के बीच डायरेक्ट फ्लाइट भी फिर से शुरू की जा रही है. हमारे सहयोग से दोनों देशों की 2.8 अरब जनता के हित हमारे सहयोग से जुड़े हैं. यह पूरे मानव समाज के कल्याण का भी मार्ग प्रशस्त होगा. हम आपसी विश्वास, सम्मान और संवेदनशीलता के आधार पर हम अपने संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

 

पीएम की वार्ता की 5 मुख्य बातें

  1. सीमा पर शांति और स्थिरता का माहौल
  2. बॉर्डर मैनेजमेंट को लेकर सहमति
  3. कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू
  4. डायरेक्ट फ्लाइट भी फिर से शुरू
  5. विश्वास, सम्मान और संवेदनशीलता के आधार पर बढ़ेंगे संबंध

 

7 साल के बाद पीएम ने किया चीन दौरा

पीएम मोदी पूरे 7 साल के बाद चीन के दौरे पर हैं. पीएम की द्विपक्षीय वार्ता से इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत और चीन के रिश्ते एक बार फिर पटरी पर आ रहे हैं. साल 2020 में जून के महीने में गलवान घाटी में हुई झड़प के बाद भारत और चीन के बीच संबंधों में तनाव पैदा हो गया था. हालांकि, हाल के दिनों में चीन और भारत के संबंधों को एक बार फिर से बेहतर करने कीकवायद की जा रही है.

पीएम मोदी की चीन यात्रा से पहले इस महीने की शुरुआत में चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने भारत का दौरा किया था. वो दिल्ली पहुंचे थे. जहां उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ बातचीत की थी.

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से भारत पर 50%, चीन पर 30%, कजाकिस्तान पर 25% समेत बाकी SCO देशों पर भी हाई टैरिफ लगाया गया है. ऐसे में माना जा रहा है कि इस SCO बैठक में टैरिफ को लेकर भी बातचीत की जा सकती है.