PM मोदी ने चंडीगढ़ पहुंच कर प्रकाश सिंह बादल को दी श्रद्धांजलि, कल पैतृक गांव में होगा दाह-संस्कार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंडीगढ़ पहुंच कर प्रकाश सिंह बादल को दी श्रद्धांजलि, कल पैतृक गांव में होगा दाह-संस्कार

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। केंद्र सरकार ने पंजाब के कद्दावर नेता रहे प्रकाश सिंह बादल के निधन पर दो दिनों का शोक घोषित किया है। आज प्रकाश सिंह बादल के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए चंडीगढ़ स्थित शिरोमणि अकाली दल के दफ्तर में रखा जाएगा। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 12 बजे के बाद चंडीगढ़ पहुंचे।

जहां शिरोमणि अकाली दल के दफ्तर में उन्होंने प्रकाश सिंह बादल के पार्थिव शरीर को झुककर नमन करने के बाद उनके परिजनों का ढ़ांढस बढ़ाया। प्रकाश सिंह बादल का अंतिम संस्कार कल यानी कि गुरुवार को उनके पैतृक गांव बादल में होगा। जिसके लिए खास तैयारी की जारी है। प्रकाश सिंह बादल देश के सबसे उम्रदराज नेता थे। मंगलवार रात उनका 95 साल की उम्र में निधन हो गया था।

चंडीगढ़ पहुंचकर पीएम मोदी ने प्रकाश सिंह बादल को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पीएम मोदी के सिर पर साफा और चेहरे पर मास्क था। वो प्रकाश सिंह बादल के परिजनों और करीबियों के बीच रखे उनके पार्थिव शरीर के पास पहुंचे। परिक्रमा कर सिर के सामने रुकने के बाद उन्हें नमन किया। फिर प्रकाश सिंह बादल के बेटे सुखबीर सिंह बादल और उनके परिजनों के बीच बैठकर बातचीत की।

बता दें प्रकाश सिंह बाद का अंतिम संस्कार कल यानी गुरुवार को उनके पैतृक गांव बादल में दोपहर 1 बजे किया जाएगा। जहां बठिंडा-बादल रोड पर किन्नुओं के बाग में 2 एकड़ जगह को खाली कराया जा रहा है। दरअसल गांव के श्मशान घाट में जगह कम होने के कारण उनका अंतिम संस्कार खेत में किया जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में लोगों की भारी भीड़ जुटेगी।