हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का बुरा हाल हुआ है. इसी के बाद अब राजनीति को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. सूत्रों की मानें तो पिछले हफ्ते प्रशांत किशोर और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी की दिल्ली में मुलाकात हुई है. इस मुलाकात के बाद सवाल खड़ा हो गया है कि क्या बिहार में हार के बाद प्रशांत किशोर और कांग्रेस के बीच एक बार फिर नई खिचड़ी पकने लगी है.
सूत्रों की मानें तो दोनों नेताओं की मुलाकात में वोट कटने का मुद्दा उठा. वोट कटने का मुद्दा प्रशांत किशोर भी उठा रहे थे. माना जा रहा है कि इसी बारे में दोनों की अनौपचारिक मुलाकात हुई है. हालांकि, इस मुलाकात को पार्टी तूल नहीं देना चाहती. इसलिए ऑफ रिकॉर्ड इस मुलाकात से प्रियंका गांधी इनकार कर रही हैं. जबकि ऑन रिकॉर्ड इस पर चुप्पी साधे हुए हैं. संसद में जब पत्रकारों ने उनसे पीके से मुलाकात को लेकर सवाल पूछा तो प्रियंका ने इसे टाल दिया. प्रियंका ने कहा कि ये कोई न्यूज है? देश में इतनी समस्याएं हैं, वायु प्रदूषण पर हम चर्चा की मांग कर रहे हैं और आप इस तरह के सवाल पूछ रहे हैं. आप ये सवाल क्यों नहीं पूछते कि मौजूदा मंत्री संसद की कार्यवाही में बाधा बन रहे हैं. आप इसको लेकर सवाल नहीं पूछेंगे कि संसद के अंदर क्या हो रहा है.



