केंद्रीय गृह सचिव ने पश्चिम बंगाल की मुख्य सचिव को पत्र लिखकर सिलीगुड़ी में हुई उस घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ था. गृह सचिव ने पत्र में सख्त नाराजगी जताते हुए पूछा है कि आखिर प्रोटोकॉल के मानकों का उल्लंघन कैसे और किस कारण से हुआ, कार्यक्रम का स्थान अचानक क्यों बदला गया और किस वजह से ऐसा हुआ.
केंद्रीय गृह सचिव की ओर से इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी मांगी गई है, जिसके जवाब में राज्य सरकार को आज शाम 5:00 बजे तक केंद्र को रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है. बता दें, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 7 मार्च 2026 को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में 9वें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया था.



