76 वर्ष के हुए राष्ट्रपति कोविंद, PM मोदी-समेत कई दिग्गजों ने दी शुभकामनाएं।

76 वर्ष  के हुए राष्ट्रपति कोविंद, PM मोदी-समेत कई दिग्गजों ने दी शुभकामनाएं।

नई दिल्ली। देश राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (President Ram Nath Kovind)आज अपना 76वां जन्मदिवस  मना रहे हैं। भारत के 13वें राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के बाद 25 जुलाई 2017 को भारत के 14वें राष्ट्रपति बने रामनाथ कोविंद के जन्मदिन के मौके पर उन्हें सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं सिलसिला जारी है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, “राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की बधाई। उन्होंने अपने विनम्र व्यक्तित्व के कारण पूरे देश को अपना दीवाना बना लिया है। समाज के गरीब और हाशिए के वर्गों को सशक्त बनाने पर उनका ध्यान अनुकरणीय है। वह एक दीर्घ और स्वस्थ जीवन व्यतीत करें।”

वहीं, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इसे लेकर ट्वीट किया , “जन सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध, भारत के प्रथम नागरिक माननीय राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविन्द जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्ध व सुदीर्घ जीवन की प्रार्थना करता हूं।”

दिल्ली के सीएम  अरविंद केजरीवाल ने भी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन की शुभकामनाएं  दी है। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा, “माननीय राष्ट्रपति महोदय श्री रामनाथ कोविंद जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं लम्बी उम्र की कामना करता हूँ।”

 देश के गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, “राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। देश के हर वर्ग के कल्याण और समाज में समता व समरसता के प्रति आपकी प्रतिबद्धता प्रेरणीय है। आपके ज्ञान व अनुभव से देश को निरंतर लाभ मिला है। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करता हूँ।”

 भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत के राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी को जन्मदिन की बधाई  दी और कहा, “उनकी बुद्धिमत्ता, बुद्धि और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान के लिए हर कोई उनकी प्रशंसा करता है। उनके व्यापक अनुभव से राष्ट्र लाभान्वित हुआ है। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करते हैं।”