दिल्ली सरकार का आदेश, बिना इजाजत फीस नहीं बढ़ा सकेंगे निजी स्कूल

नई दिल्ली, राजसत्ता एक्सप्रेस। देश की राजधानी दिल्ली में निजी स्कूलों की ओर से फीस वृद्धि की शिकायतें आ रही हैं। इन शिकायतों को लेकर दिल्ली सरकार ने आदेश दिया है कि लॉकडाउन के दौरान कोई भी निजी स्कूल फीस बढ़ोतरी नहीं कर सकता। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जब तक स्कूल नहीं खुलते हैं, तब तक कोई भी स्कूल ट्यूशन फीस के अलावा किसी भी तरह का चार्ज नहीं ले सकता है। यहीं नहीं, स्कूल तीन महीने की फीस भी एक साथ नहीं ले सकते। स्कूल एक-एक महीने कर ट्यूशन फीस ही चार्ज कर सकते हैं। फीस बढ़ाने के लिए स्कूलों को सरकार की इजाजत लेनी होगी।

 

देनी होगी ऑनलाइन एजुकेशन

शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को कहा कि हमें इस तरह की कई शिकायतें मिली हैं कि स्कूल फीस बढ़ा रहे हैं और ट्रांसपोर्ट फी जैसे चार्ज भी लगा रहे हैं, जिनका लॉकडाउन के दौरान कोई उपयोग तक नहीं हो रहा है। कई इस तरह की भी शिकायतें मिली हैं कि कुछ स्कूल बढ़ा चढ़ाकर फीस चार्ज कर रहे हैं। कुछ पूरे तिमाही की फीस मांग रहे हैं। कुछ बच्चों ने फीस नहीं दी है, तो ऑनलाइन क्लास बंद कर दी है। इन शिकायतों के बाद सरकार ने आदेश जारी किया है कि किसी भी प्राइवेट स्कूल को फीस बढ़ाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

उन्होंने ये भी कहा कि स्कूलों को बच्चों को ऑनलाइन एजुकेशन भी देनी होगी। जो माता-पिता फीस नहीं दे पा रहे हैं उनके बच्चों के भी ऑनलाइन एजुकेशन देना अनिवार्य है।