UP पर विजय के लिए घोषणाओं के ताते लगा रहीं प्रियंका गांधी, जानिए क्या है ताजा घोषणा !

Priyanka gandhi
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने घोषणाओं का अंबार लगा दिया है। इसी कड़ी में उन्होंने अब नया ऐलान करते हुए कांग्रेस के प्रति वोटरों का रुझान उत्पन्न करने की कोशिश की है। ताजा घोषणा में प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को निशाना बनाते हुए इसे सुधारने और सरकार बनने पर मुफ्त उपचार  देने का ऐलान किया है। आज एक ट्वीट में प्रियंका गांधी ने लिखा, “कोरोना काल में और अभी प्रदेश में फैले बुखार में सरकारी उपेक्षा के चलते यूपी की स्वास्थ्य व्यवस्था की जर्जर हालत सबने देखी। सस्ते व अच्छे उपचार के लिए घोषणा पत्र समिति की सहमति से उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने फैसला लिया है कि सरकार बनने पर ‘कोई भी हो बीमारी फ्री होगा 10 लाख तक उपचार सरकारी।“ इससे पूर्व  प्रियंका गांधी ने चुनाव जीतकर कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रदेश की बेटियों को ग्रेजुएशन लेवल पर स्कूटी और हाई स्कूल लेवल पर लैपटॉप देने का एलान की थी।

दरअसल, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति बहुत खराब है। बीते विधानसभा चुनाव में उनको  केवल 7 विधायक चुने गए थे। इनमें से 2 ने पार्टी के विरुद्ध मोर्चा खोल रखा है। प्रियंका भले ही कांग्रेस के लिए जी-जान एक कर रही हों, परन्तु पार्टी की जमीनी स्थिति कैसी है ये इसी से समझा जा सकता है कि पिछले दिनों खुद प्रियंका के एक सलाहकार ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया।
भारतीय जनता पार्टी भी निरन्तर  प्रियंका पर निशाना साध रही है। दरअसल, कांग्रेस शासित राज्यों राजस्थान, पंजाब और छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान तो मचा ही है। साथ ही वहां अपराध भी जमकर हो रहे हैं। प्रियंका अब तक उत्तर प्रदेश में अपराधों को आधार बनाकर सियासत करती रही हैं। बीजेपी उनके हर ऐसे कदम पर राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हो रहे महिला विरोधी अपराधों का मुद्दा उठाकर घेरती है।
Previous articleसाउथ सुपरस्टार रजनीकांत को आज दादा साहब फाल्के पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित !
Next articlePM मोदी ने UP को दिया 9 मेडिकल कॉलेजों का उपहार ….