लखनऊ: राहुल गांधी रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान एक समय कांग्रेसी रहे और वर्तमान में योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह खूब चर्चा में हैं। राहुल के दौरे से पहले उन्होंने राहुल गांधी वापस जाओ के नारे लगाए, हाईवे पर धरना दिया। यहां तक कि दिशा की बैठक में राहुल गांधी से सीधे-सीधे उलझ गए। अब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है जिसमें वह अफसोस जता रहे हैं कि राहुल गांधी के दुश्मन बीजेपी नहीं बल्कि उनके अपने कांग्रेसी ही हैं।
असल में बिहार कांग्रेस ने एक एआई जेनरेटेड वीडियो जारी किया है। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी मां जैसे दिखने वाले किरदार हैं। इनके जरिए कांग्रेस ने मोदी पर तंज भरे आरोप लगाए हैं। दिनेश सिंह इसी वीडियो का जिक्र करते हुए यह सब कहते हैं।
#WATCH | Lucknow: On an AI-generated video posted by the Bihar Congress showing two characters purportedly resembling PM Modi and his late mother, UP Minister Dinesh Pratap Singh says, "I am very sad to see where these Congressmen want to take Rahul Gandhi. It is not the BJP; it… pic.twitter.com/kFY7TYgca0
— ANI (@ANI) September 12, 2025
वीडियो में उन्हें यह कहते सुना जा सकता है, बहुत दुख हो रहा है ये देखकर कि राहुल गांधी को ये कांग्रेसी कहां ले जाना चाहते हैं। यह भारतीय जनता पार्टी नहीं कांग्रेस की सोची समझी रणनीति है कि जब तक गांधी परिवार खत्म नहीं होगा तब तक सामान्य कांग्रेसी को राजनीति करने का अवसर नहीं मिलेगा। इसलिए कांग्रेसी राहुल गांधी और गांधी परिवार को गड्ढे में गिराने के लिए बारबार मोदी जी की मां का उपयोग करते हैं।
वह आगे कहते हैं कि इससे बिहार ही नहीं पूरे देश में कांग्रेस को बड़ी हानि होगी। आप जानते हो कि राहुल गांधी की जो पीआर टीम है वह सुझाव देती है कि मोदी को आप गाली दो, मोदी की मां को आप इस तरह बोलो, भारतीय संस्कृति और संस्कार के विपरीत बोलो। मैं नहीं समझता हूं कि इससे राहुल गांधी न अपना भला कर पाएंगे और न कांग्रस का। कांग्रेसी ही उनके सबसे बड़े दुश्मन हैं।
इससे पहले राहुल गांधी का विरोध करते हुए उन्होंने राहुल, प्रियंका पर तीखी टिप्पणियां की थीं। दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को सबसे बड़ा चोर और राहुल गांधी को चोर का नाती तक कहा था। दिनेश सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी रायबरेली को केवल पिकनिक स्पॉट की तरह इस्तेमाल करते हैं और जिले के विकास में कोई योगदान नहीं देते।



