बिहार से राहुल गांधी ने शुरू की ‘वोट अधिकार यात्रा’, लालू-तेजस्वी समेत INDIA ब्लॉक के नेता भी होंगे शामिल

बिहार से राहुल गांधी ने शुरू की ‘वोट अधिकार यात्रा’, लालू-तेजस्वी समेत INDIA ब्लॉक के नेता भी होंगे शामिल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज से बिहार में ‘वोट अधिकार यात्रा’ शुरू करेंगे। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में जन-जागरुकता के लिए राहुल गांधी सासाराम से यह यात्रा शुरू करेंगे। आज वे औरंगाबाद में रात्रि विश्राम करेंगे। 16 दिनों की इस यात्रा का समापन एक सितंबर को पटना में एक रैली के साथ होगा। ‘वोट अधिकार यात्रा’ बिहार के 25 जिलों से होकर गुजरेगी। इसमें 20, 25 और 31 अगस्त को अवकाश रहेगा। राहुल की वोट अधिकार यात्रा का इंडिया ब्लॉक ने समर्थन किया है। इस यात्रा के दौरान राहुल के साथ तेजस्वी यादव और लेफ्ट पार्टियों के नेता भी शामिल होंगे।

ये लोग कंस की राह पर चल रहे: गिरिराज

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोट अधिकार यात्रा पर कहा, “ये लोग कंस की राह पर चल रहे हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर मैं कहूंगा कि कंस का नाश कृष्ण ने किया। यहां भी कुछ कंस है और जन्माष्टमी के अवसर पर उसका नाश निश्चित है।”

देश को नुकसान से बचाना है: पवन खेड़ा

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, “बात चुनाव से बढ़कर है। जब वोट का अधिकार कोई चोरी कर लेगा तो चुनाव क्या रहेंगे? देश को नुकसान से बचाना है। पूरे देश के गरीब पिछड़े, आदिवासी, अल्पसंख्यक, दलित सबको नुकसान है। हमारे गठबंधन के तमाम साथी यात्रा में शामिल हो रहे हैं। पूरे रास्ते भर हम लोगों से संवाद स्थापित करेंगे।”

वोट चोरी को रोना होगा-अलका लांबा

वोटर अधिकार यात्रा पर कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा, “संदेश राहुल गांधी पहले दिन से दे चुके हैं। वोट चोरी जो हो रही है उसे रोकना होगा। वोट अधिकार रैली का एक ही मकसद है, वोट के अधिकार को बचाना। अभी तक चुनाव आयोग पूरी तरह से केंद्र के दबाव में फैसले नहीं दे रहा था। राहुल गांधी ने एक ही विधानसभा में फर्जी मतदाता पकड़े उसके बावजूद भी गलती मानने के बजाय सफाई दे रहे हैं। जिस दिन ये यात्रा शुरू हो रही है उसी दिन चुनाव आयोग प्रेस वार्ता कर रहा है। चुनाव आयोग को पता है कि ये यात्रा उनके लिए भारी पड़ने वाली है।”

हम हर एक लड़ाई लड़ेंगे: तेजस्वी यादव

RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “BJP के लोग लगातार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं और संविधान, लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। बिहार की धरती लोकतंत्र की जननी है और लोकतंत्र को BJP बिहार से खत्म करेगी तो हम बैठने वाले नहीं है। हम हर एक लड़ाई लड़ेंगे। मतदाताओं के मताधिकार को हम मिटने नहीं देंगे। हर बिहारी अपना वोट डालेगा ये सुनिश्चित करने के लिए यात्रा पर जा रहे हैं। राहुल गांधी आ रहे हैं और लालू प्रसाद यादव हरी झंडी देकर यात्रा को रवाना करेंगे।”

 

इस यात्रा का टायर पहले ही पंचर हो गया है-दिलीप जायसवाल

बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की जो वोट अधिकार यात्रा है उस यात्रा का टायर पहले ही पंचर हो गया है। सुप्रीम कोर्ट खुद निगरानी कर रहा है। भारत की जनता ऐसे लोगों के साथ नहीं रहती है जिनको सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा नहीं है। जिसको संवैधानिक संस्था पर भरोसा नहीं है। बिहार की जनता को मालूम है कि चुनाव आयोग उनके साथ कैसे न्याय करेगा।”

हम लोगों ने बहुत कुर्बानियां दी है-लालू प्रसाद

वोटर अधिकार यात्रा पर RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा, “हम लोगों ने बहुत सारी कुर्बानियां दी हैं। आगे भी करते रहेंगे। मिटने नहीं देंगे।’ लालू प्रसाद ने बीजेपी पर संविधान को खत्म करने का आरोप लगाया।

 

राहुल हेलीकॉप्टर से एसपी जैन कॉलेज पहुंचेंगे

राहुल गांधी 11:45 पर एसपी जैन कॉलेज में हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। उसके बाद डेहरी के सुअरा हवाई अड्डा के मैदान में 12 बजे पहुंचकर सभा को संबोधित करेंगे। भोजन के बाद शाम 4 बजे सभा स्थल से डेहरी ऑन सोन की तरफ निकलेंगे। हरी ऑन सोन से औरंगाबाद की तरफ निकल जाएंगे।

लालू प्रसाद भी वोट अधिकार यात्रा में होंगे शामिल

राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा में राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद भी शामिल होंगे। यह यात्रा आज सासाराम से शुरू होने वाली है। लालू प्रसाद के साथ ही इंडिया गठबंधन के अन्य नेता भी राहुल के मंच पर नजर आएंगे।

राहुल गांधी दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे

लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दिल्ली हवाईअड्डे पहुंचे। वह आज बिहार के सासाराम से शुरू होने वाली कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा’ में शामिल होंगे।

50 विधानसभा सीटों को सीधे कवर करेंगे राहुल

राहुल गांधी वोट अधिकार यात्रा के दौरान बिहार की 50 विधानसभा सीटों को सीधे कवर करेंगे। माना जा रहा है कि इस यात्रा का असर विधानसभा चुनावों पर पड़ सकता है।

तीन चरणों में होगी यात्रा

राहुल गांधी की यह यात्रा तीन चरणों में होगी। पहले चरण में सासाराम से औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, जमुई होते हुए लखीसराय और मुंगेर तक यह यात्रा पहुंचेगी।दूसरे चरण में यह यात्रा भागलपुर से शुरू होकर कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, मधुबनी और दरभंगा से गुजरेगी।तीसरे चरण में यह यात्रा मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी, मोतिहारी, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, छपरा और आरा होते हुए पटना में एक बड़ी रैली के साथ खत्म होगी।

16 दिन में 1300 किमी की दूरी

16 दिनों की इस यात्रा में राहुल गांधी कुल 1300 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यह यात्रा बिहार के 25 जिलों से होकर गुजरेगी।

मताधिकार की सुरक्षा की लड़ाई- इंडिया गठबंधन

इंडिया गठबंधन ने राहुल गांधी की इस यात्रा को लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा की लड़ाई बताया है। गठबंधन के नेता भी राहुल के मंच पर नजर आएंगे।