राजनाथ सिंह ने कसा कांग्रेस पर तंज, कहा- ‘धोनी क्रिकेट में, राजनीति में राहुल गांधी हैं बेस्ट फिनिशर’ 

राजनाथ सिंह ने कसा कांग्रेस पर तंज, कहा- ‘धोनी क्रिकेट में, राजनीति में राहुल गांधी हैं बेस्ट फिनिशर’ 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें भारतीय राजनीति का सबसे बड़ा फिनिशर बताया है. उन्होंने राहुल गांधी की तुलना क्रिकेट के बेहतरीन फिनिशर कहे जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी से कर डाली है. राजनाथ सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी की वजह से ही कई नेताओं ने कांग्रेस छोड़ दी है.

शनिवार को एक चुनावी जनसभा में उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, ‘क्रिकेट में सबसे अच्छा फिनिशर कौन है?’ उन्हें भीड़ ने तपाक से जवाब दिया महेंद्र सिंह धोनी.

भीड़ के कहने के बाद राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर कोई मुझसे पूछता है कि भारतीय राजनीति में सबसे अच्छा फिनिशर कौन है, मैं कहूंगा कि यह राहुल गांधी हैं. वही ऐसे कारण हैं कि कई नेताओं ने कांग्रेस छोड़ दी है.

भ्रष्टाचार के साथ कांग्रेस का रिश्ता अटूट!
मध्य प्रदेश के सीधी जिले में चुनावी रैली के दौरान राजनाथ सिंह ने कांग्रेस को जमकर घेरा. उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस का भ्रष्टाचार के साथ अटूट रिश्ता है. कांग्रेस और भ्रष्टाचार का गहरा संबंध है. ज्यादातर कांग्रेस सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में किसी भी मंत्री के खिलाफ ऐसे कोई आरोप नहीं लगे.’

राहुल गांधी कांग्रेस को कर देंगे खत्म!
राजनाथ सिंह ने कहा, ‘एक समय कांग्रेस भारतीय राजनीति में हावी थी लेकिन अब वह देश के केवल दो या तीन छोटे राज्यों पर शासन कर रही है. राहुल गांधी तब तक नहीं रुकेंगे जब तक वह कांग्रेस को ‘खत्म’ नहीं कर देते.’

एक राष्ट्र-एक चुनाव पर क्या बोले राजनाथ सिंह?
राजनाथ सिंह ने कहा कि एक राष्ट्र और एक चुनाव होना चाहिए. इससे देश का समय और संसाधन दोनों बचेगा. उन्होंने प्रस्तावित कानून पर कांग्रेस के दावे को खारिज करते हुए कहा कि एक साथ चुनाव केवल भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करेंगे. चुनाव पांच साल में दो बार होने चाहिए, एक बार स्थानीय निकायों के लिए और एक बार विधानसभाओं और लोकसभा के लिए.’

भारतीय अर्थव्यवस्था पर क्या बोले राजनाथ सिंह?
राजनाथ सिंह ने अर्थव्यवस्था पर कहा, ‘कुछ बड़ी कंपनियां भविष्यवाणी कर रही हैं कि भारत 2027 तक दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में होगा. पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने पहले ही देश को शीर्ष पर पहुंचने में मदद की है. दस साल पहले 11वें स्थान से शीर्ष पांच तक भारत पहुंच गया है. भारत 2045 तक महाशक्ति बन जाएगा.’

देश के पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस जिम्मेदार!
राजनाथ सिंह ने कहा, ‘कांग्रेस ने कई वादे किए और अगर वे आंशिक रूप से भी पूरे हुए होते तो भारत बहुत पहले ही एक शक्तिशाली देश बन गया होता, दूसरी ओर, BJP ने दस वर्षों में अपने सभी वादे पूरे किए. तुष्टिकरण के लिए राजनीति नहीं की जानी चाहिए और BJP राष्ट्र निर्माण के लिए राजनीति कर रही है.’

पाकिस्तान के लिए राजनाथ सिंह ने किया ये विरोध
राजनाथ सिंह ने कहा, ‘भारत पाकिस्तान के साथ अच्छे रिश्ते चाहता है लेकिन अगर उकसाया गया तो जरूरत पड़ने पर भारत सीमा पार जाकर भी कार्रवाई कर सकता है. देश पिछले दस वर्षों में यह साबित कर चुका है.’ राजनाथ सिंह ने मुंबई हमलों के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए.

Previous articleगौरव वल्लभ ने कसा कांग्रेस पर तंज, कहा- ‘जिन्होंने नहीं लड़ा क्लास मॉनिटर का इलेक्शन वे बनाते हैं मेनिफेस्टो’
Next articleमनीष सिसोदिया की पत्नी ने कहा-‘अरविंद भैया का साथ छोड़ा तो मैं उन्हें छोड़ दूंगी’