बिहार चुनाव 2025: आरजेडी ने पोलिंग एजेंटों को EVM निगरानी के सख्त निर्देश दिए

बिहार चुनाव 2025: आरजेडी ने पोलिंग एजेंटों को EVM निगरानी के सख्त निर्देश दिए

बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण का मतदान मंगलवार शाम को संपन्न हो गया. दूसरे फेस में 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले गए. इस दौरान मतदान केंद्रों में भारी भीड़ नजर आई. चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को जारी किए जाएंगे. मतदान समाप्त होने के साथ ही राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने अपने पोलिंग एजेंटों और पार्टी कार्यकर्ताओं से वोटिंग खत्म होने के बाद भी सतर्क रहने की अपील की है.

एक नोटिस जारी कर आरजेडी ने अपने प्रतिनिधियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की आवाजाही पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है और उनसे आग्रह किया है कि वो मतदान केंद्रों से मशीनों को निर्धारित स्ट्रांग रूम तक ले जाने वाले वाहनों के साथ रहें, जहां उन्हें रखा जाता है.

पोलिंग एजेंटों और कार्यकर्ताओं से अपील

आरजेडी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें पार्टी ने कहा ‘बहुत महत्वपूर्ण सूचना.. सत्ता पक्ष और प्रशासन द्वारा करवाई जा रही धांधली से बचने के लिए वोटिंग समाप्त होने के पहले सभी पोलिंग एजेंट ध्यान रखें कि मतदान के अंतिम समय लाइन में लगे कुल व्यक्ति जिसे पीठासीन द्वारा पर्ची दिया गया हो उसका डिटेल लिखकर रख लेना है’.