भारतीय क्रिकेट में सीनियर खिलाड़ियों और कोच के बीच मतभेद का इतिहास पुराना रहा है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज के बीच भारतीय क्रिकेट के अंदरूनी हालात फिर सुर्खियों में हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, हेड कोच गौतम गंभीर और टीम के दो सबसे बड़े सितारे रोहित शर्मा-विराट कोहली के बीच रिश्ते अब काफी खराब हो चुके हैं. यह तनाव इतना बढ़ गया है कि दोनों दिग्गजों और कोच के बीच बातचीत लगभग बंद सी हो गई है, जिसका असर वनडे टीम के ड्रेसिंग रूम में भी देखने को मिल रहा है.
रोहित-कोहली और गंभीर के बीच सब कुछ ठीक नहीं?
दैनिक जागरण के रिपोर्ट के मुताबिक, गंभीर ने राहुल द्रविड़ की जगह कोच का पद संभाला था, तब सब कुछ सामान्य था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है. रोहित और कोहली के भविष्य को लेकर चर्चा, कप्तानी के मुद्दे और रणनीति को लेकर मतभेद ने ड्रेसिंग रूम का माहौल भारी कर दिया है. बीसीसीआई के एक सूत्र का कहना है कि बोर्ड इस पूरे मामले से बेहद परेशान है. खासकर सोशल मीडिया पर गंभीर के खिलाफ रोहित-कोहली फैंस के लगातार हमलों ने माहौल और गरमा दिया है.



