Rohit Shetty Firing Case: फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर में हुई फायरिंग केस में हर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं. यूं तो पुलिस भी तेजी से पूरे मामले की जांच कर रही है, लेकिन लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ मिलकर कैसे आरोपियों ने साजिश को अंजाम दिया. इसकी जानकारी अब लेटेस्ट अपडेट से मिल रही है. जी हां, इस मामले में पुलिस ने जिस आरोपी को गिरफ्तार किया था, उसकी पहचान आसाराम फसाले के तौर पर हुई थी, जो पुणे का ही रहने वाला था. साथ ही अभी कुल 5 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं. जिन्हें कोर्ट ने 11 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया था. हालांकि, अब इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला है कि, आरोपी आसाराम फसाले पिछले चार साल से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए गैरेज मैकेनिक का काम कर रहा था. यह वही आरोपी है, जिसने हथियार सप्लाई किए थे.
बीते दिनों पता लगा था कि आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शुभम लोनकर के कॉन्टैक्ट में थे. जबकि, उससे पहले यह दावा भी किया गया था कि आरोपियों का शुभम लोनकर से सीधे तौर पर कोई भी कनेक्शन नहीं था. हालांकि, यह सोची समझी साजिश थी, क्योंकि आरोपियों ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर हमले से पहले रेकी की थी. जानबूझकर रात का वक्त चुना गया था, ताकी भागने में आसानी हो. वैसे अब तक कि जांच में ये सामने आया है कि रंगदारी वसूलने के इरादे से यह हमला किया गया था.



