रूस ने अमेरिका पर भारत को अस्थिर करने की कोशिश का लगाया आरोप, खालिस्तानी आतंकी पन्नू के मामले में भी लगाई फटकार

रूस ने अमेरिका पर भारत को अस्थिर करने की कोशिश का लगाया आरोप, खालिस्तानी आतंकी पन्नू के मामले में भी लगाई फटकार

मॉस्को। रूस ने अमेरिका पर कई तरह के आरोप लगाकर उसे फटकारते हुए भारत का पक्ष लिया है। रूस ने सबसे बड़ा आरोप ये लगाया है कि भारत के लोकसभा चुनावों में अमेरिका दखल देने की कोशिश कर रहा है।

रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने कहा कि भारत को अमेरिका अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। भारत में धार्मिक आजादी के बारे में अमेरिका की रिपोर्ट को आधार बनाकर जाखारोवा ने कहा कि भारत की राजनीतिक समझ और इतिहास को अमेरिका नहीं समझता।

रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की कथित हत्या की साजिश के मामले में भी अमेरिका को फटकार लगाई। मारिया जाखारोवा ने कहा कि पन्नू के मामले में भारत पर आरोप लगाना एक देश के तौर पर उसका अपमान है। रूस की विदेश मंत्रालय प्रवक्ता ने कहा कि पन्नू की हत्या की साजिश मामले में अमेरिका का आरोप दिखाता है कि उसे भारत के इतिहास पर गलतफहमी है।

भारत से अमेरिका ने कहा था कि वो पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में जांच करे। भारत सरकार इस मामले की जांच भी कर रही है। पन्नू मामले में चेक गणराज्य में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। जिसका प्रत्यर्पण कराने की अमेरिका कोशिश कर रहा है।

वहीं, चेक रिपब्लिक के एक कोर्ट ने निखिल गुप्ता को अमेरिका प्रत्यर्पित किए जाने के निचली अदालत के आदेश पर रोक लगा दी है। इससे अमेरिका को झटका लगा है। अमेरिकी न्याय विभाग ने आरोप लगाया है कि निखिल ने एक एफबीआई एजेंट को हत्यारा समझकर गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या के लिए सुपारी दी।

निखिल गुप्ता ने इससे साफ इनकार किया है। निखिल गुप्ता और एफबीआई एजेंट के बीच पैसे के लेन-देन की एक फोटो अमेरिकी न्याय विभाग ने कोर्ट को दी है। इस फोटो में कुछ रकम और दो हाथ ही दिख रहे हैं। उस फोटो में निखिल गुप्ता भी नहीं दिख रहा है।

Previous article‘सैम पित्रोदा राहुल गांधी के गुरु..’, कंगना रनौत ने विवादित बयान को लेकर कांग्रेस को लिया आड़े हाथ
Next article‘पीएम मोदी, मुकेश अंबानी और गौतम अडानी भारत को बना रहे आर्थिक महाशक्ति’, अमेरिका के मीडिया हाउस सीएनएन ने रिपोर्ट में कहा