रूस और यूक्रेन के बीच करीब चार साल से जारी जंग अब आधुनिक इतिहास की सबसे खूनखराबे वाली लड़ाइयों में गिनी जा रही है. एक ताजा अमेरिकी रिपोर्ट ने इस युद्ध की भयावह तस्वीर दुनिया के सामने रख दी है. रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी 2022 से अब तक रूस और यूक्रेन मिलाकर करीब 20 लाख सैनिक हताहत हो चुके हैं. मारे गए, घायल हुए या लापता सैनिकों की यह संख्या द्वितीय विश्व युद्ध के बाद किसी भी बड़े युद्ध से कहीं ज्यादा बताई जा रही है.
अमेरिका के प्रतिष्ठित थिंक टैंक सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) की मंगलवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि रूस-यूक्रेन युद्ध में अब तक दोनों देशों को जो सैन्य नुकसान हुआ है, उसने वर्ल्ड वॉर 2 के बाद के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. CSIS के मुताबिक, रूस को इस युद्ध में सबसे भारी नुकसान उठाना पड़ा है. रिपोर्ट कहती है कि रूसी सेना के कुल हताहतों की संख्या करीब 12 लाख तक पहुंच चुकी है, जिनमें से 3.25 लाख सैनिक मारे जा चुके हैं.



