साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा, महात्मा गांधी राष्ट्रपुत्र हैं और हमारे लिए आदरणीय हैं

मध्य प्रदेश के भोपाल से बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर
मध्य प्रदेश के भोपाल से बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर

मध्य प्रदेश के भोपाल से बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने एक बार फिर महात्मा गांधी पर बयान दिया है। इस बार उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को राष्ट्रपुत्र बताया है। साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि, महात्मा गांधी राष्ट्रपुत्र हैं और हमारे लिए आदरणीय हैं। बता दें कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर देश भर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से गांधी संकल्प यात्रा निकाली जा रही है, लेकिन साध्वी प्रज्ञा ने अभी तक इसमें हिस्सा नहीं लिया है।

भोपाल रेलवे स्टेशन के एक कार्यक्रम में जब प्रज्ञा सिंह ठाकुर पहुंची तो पत्रकारों ने उनसे पूछा कि वो संकल्प यात्रा में क्यों नहीं जा रहीं हैं? इस सवाल को टालते-टालते साध्वी प्रज्ञा ने कहा पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गांधी राष्ट्रपुत्र हैं और उनके लिए आदरणीय हैं। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने यह भी कहा कि उन्हें इस मामले में किसी को सफाई नहीं देनी है। इससे पहले कांग्रेस ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर के संकल्प यात्रा से गायब रहने पर सवाल उठाया था।

बीजेपी सांसद ने कहा कि, देश के लिए जिसने भी जो सराहनीय कार्य किया है, निश्चित रूप से वो हमारे लिए आदरणीय और परम आदरणीय होता है। हम उनके कदमों पर चलते हैं। साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि हमारे जो लोग हमें मार्गदर्शन देकर गए हैं निश्चित रूप से हम उनका गुणगान करते हैं, उनके कदमों पर चलकर हम लोगों का आगे मार्ग प्रशस्त करते हैं। गोडसे पर बयान से मचा था सियासी बवाल

कांग्रेस का कहना था कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर का संकल्प यात्रा से बाहर होना बिल्कुल भी हैरानी भरा नहीं है क्योंकि बीजेपी महात्मा गांधी के विचारों को नहीं मानती है। बता दें कि बीजेपी की संकल्प यात्रा 2 अक्टूबर से शुरू हुई है और 31 अक्टूबर को खत्म होगी।

इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था, जिसपर काफी बवाल हुया था। खुद पीएम नरेंद्र मोदी पर कहा था कि वह इस बयान के लिए उन्हें कभी मन से माफ नहीं कर पाएंगे।

कांग्रेस पर साधा निशाना

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कहने से हम अपने सिद्धांतों को नहीं बदलेंगे, जो अच्छा है वो स्वीकार्य है जो गलत है वो अस्वीकार्य है। कांग्रेस जो चाहे कहे, लेकिन मेरे सिद्धांत राष्ट्र के लिए हैं।

BJP सांसद साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि ईमानदारी से एक पल के लिए भी मैं ईश्वर के समक्ष सत्य रहना चाहती हूं, मुझे किसी को कोई सफाई देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्र के लिए जीती हूं और मरती हूं।

Previous articleयूपी: 11 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी
Next articleशाहजहांपुर में दिखे कमलेश तिवारी के हत्यारे, सामने आया वीडियो