डॉयरेक्टर मोहित सूरी की फिल्म सैयारा रिलीज होने के बाद से ही एक्टर शाद रंधावा सुर्खियों में आ गए. शाद अब तक मोहित सूरी की लगभग हर फिल्म में दिखाई दिए हैं. इसी के बाद जब वो मोहित सूरी की ब्लॉकबस्टर फिल्म सैयारा में भी दिखाई दिए तो फिर सवाल उठने लगे कि मोहित सूरी और शाद के बीच क्या कनेक्शन है? दरअसल, मोहित सूरी और शाद के बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है. लेकिन, सूरी के चहेते का टीवी की दुनिया की मशहूर एक्ट्रेस मुमताज और टीवी के हनुमान दारा सिंह से भी कनेक्शन है.
एक्टर शाद रंधावा, पहलवान और एक्टर रंधावा और एक्ट्रेस मल्लिका असकरी रंधावा के बेटे हैं. मलिका बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं. शाद रंधावा की मां मल्लिका, दिग्गज एक्ट्रेस मुमताज की बहन हैं, इसलिए शाद मुमताज के भांजे हैं. शाद कई इंटरव्यूज में अपनी मौसी मुमताज के साथ अपने करीबी रिश्ते के बारे में बता चुके हैं. उन्होंने एक बार यह भी कहा था कि मुमताज हमेशा से उनके लिए प्रेरणा और हौसला बढ़ाने का बड़ा जरिया रही हैं.
दारा सिंह से क्या है संबंध?
जहां एक तरफ शाद के बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस मुमताज से करीबी रिश्तों के बारे में कई लोग जानते हैं. वहीं, बहुत कम ही लोग इस बात को भी जानते हैं कि शाद के दारा सिंह से भी नजदीकी संबंध हैं. शाद, पहलवान रंधावा के बेटे हैं. शाद के पिता, मशहूर पहलवान और एक्टर दारा सिंह के भाई थे. इसलिए शाद, दारा सिंह के भतीजे हैं और विंदू दारा सिंह उनके चचेरे भाई हैं. शाद रंधावा फिल्मी दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं. जिन्होंने अब तक कई फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जादू बिखेरा है.
आशिकी 2 से लेकर सैयारा तक
एक्टर ने अपना करियर साल 2006 में मोहित सूरी की फिल्म वो लम्हे से शुरू किया था. इस फिल्म में उन्होंने कंगना के ऑन-स्क्रीन बॉयफ्रेंड का सपोर्टिंग रोल निभाया था. इसके बाद वो मोहित सूरी की लगभग हर फिल्म में नजर आए. आशिकी 2, एक विलन, मलंग, एक विलन रिटर्न्स और सैयारा में भी उन्होंने काम किया. इसी के साथ शाद रंधावा ने आवारापन, मुंबई सागा, सत्यमेव जयते 2 जैसी फिल्मों में काम किया है. सिर्फ फिल्में ही नहीं, वो टीवी सीरियल्स चंद्रकांता और कुमकुम भाग्य में भी नजर आ चुके हैं. इसके अलावा, वो वेब सीरीज स्कैम 2003 में भी दिखाई दिए थे.

मोहित सूरी से क्या है कनेक्शन
सैयारा में शाद के दिखाई देने के बाद लोगों ने पूछना शुरू कर दिया कि क्या एक्टर और फिल्ममेकर के बीच कोई रिश्ता है. इसी के बाद खुद मोहित सूरी ने एक इंटरव्यू में इस सवाल का जवाब दिया. फिल्ममेकर ने यह साफ कर दिया कि उनका शाद से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है. मोहित ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि उनकी मुलाकात शाद रंधावा से तुमसा नहीं देखा के सेट पर हुई थी. उन्होंने आगे कहा था कि शाद उनके सबसे भरोसेमंद दोस्तों में से एक हैं. मोहित सूरी ने कहा था, “शाद मेरी फिल्मों में किसी मजबूरी या प्लानिंग की वजह से नहीं होते. वो इसलिए होते हैं क्योंकि उनकी मौजूदगी एक तरह का कम्फर्ट और पॉजिटिव एनर्जी लाती है, जो सभी को बेहतर महसूस कराती है.”

शाद ने निभाया सपोर्टिंग रोल
शाद ने अब तक मोहित सूरी की कई फिल्मों में एक दमदार स्पोर्टिंग रोल निभाया है. उनके इस रोल ने फैंस के दिल में गहरी छाप छोड़ी. आशिकी 2 में उन्होंने आदित्य रॉय कपूर के सबसे अच्छे दोस्त का किरदार निभाया था. एक विलन में शाद ने एसीपी आदित्य राठौर की भूमिका निभाई. वहीं सैयारा में शाद ने ‘प्रिंस’ नाम के एक सिंगर का रोल प्ले किया था. फिल्म में इसी सिंगर की वजह से कृष कपूर (अहान पांडे) और वाणी बत्रा (अनीत पड्ढा) की मुलाकात होती है.



