Hurun Rich List: 10,800 करोड़ की नेटवर्थ के साथ शाहरुख खान बने भारत के सबसे अमीर अभिनेता

Hurun Rich List: 10,800 करोड़ की नेटवर्थ के साथ शाहरुख खान बने भारत के सबसे अमीर अभिनेता

SRK In Hurun Global Rich List: बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान दौलत के मामले में भी एक बार फिर किंग साबित हुए हैं. हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट में शाहरुख खान ने फिर अपनी जगह बनाई है. इस लिस्ट में शाहरुख देश के सबसे अमीर अभिनेता के तौर पर शामिल हैं. हालांकि पिछले साल के मुकाबले किंग खान को झटका लगा है. उनकी दौलत में गिरावट दर्ज की गई है. लिस्ट के मुताबिक शाहरुख की नेटवर्थ 1.3 बिलियन डॉलर यानी करीब 10,800 करोड़ रुपये आंकी गई है.

हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट 5 मार्च को जारी हुई थी. नेटवर्थ 15 जनवरी तक के आंकड़ों के मुताबिक है. बिलिनेयर के मामले में भारत दुनिया में तीसरे पायदान पर रहा. लिस्ट में भारत से 308 बिलिनेयर के नाम को शामिल किया गया है. बिलिनेयर के मामले में चीन (1110) पहले और अमेरिका (1000) दूसरे नंबर पर रहा.

इस साल शाहरुख को लगा झटका

पिछले साल यानी 2025 में शाहरुख खान दुनिया के सबसे अमीर सेलिब्रिटी थे. उनकी नेटवर्थ 1.4 बिलियन डॉलर यानी करीब 12,490 करोड़ रुपये बताई गई थी. मगर इस साल उनकी दौलत में कमी आई है और नेटवर्थ 1.3 बिलियन डॉलर यानी करीब 10,800 करोड़ रुपये ही रही है. यानी शाहरुख की दौलत में 1690 करोड़ रुपये की कमी आई है. लिस्ट के अन्य सेलिब्रिटीज की बात करें तो इसमें पहले नंबर पर म्यूजिक आइकॉन Jay-Z रहे. उनकी नेटवर्थ 2.8 बिलियन डॉलर (25,828 करोड़ रुपये) बताई गई.

टेलर स्विफ्ट से आगे थे शाहरुख

पिछले साल शाहरुख खान टेलर स्विफ्ट से भी आगे थे, लेकिन इस साल टेलर स्विफ्ट की नेटवर्थ 1.6 बिलियन डॉलर (14,759 करोड़ रुपये) आंकी गई. 2025 में टेलर स्विफ्ट की नेटवर्थ 1.3 बिलियन (11,991 करोड़ रुपये) बताई गई थी. वहीं हॉलीवुड सिंगर रिहाना की नेटवर्थ 1.5 बिलियन डॉलर (13,836 करोड़ रुपये) बताई गई है. खास बात ये है कि रणबीर कपूर की फिल्म रामायण के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने भी 1 बिलियन डॉलर यानी 9,204 करोड़ रुपये की नेटवर्थ के साथ इस लिस्ट में जगह बनाई है.

किंग को ‘किंग’ का इंतज़ार

साल 2023 के बाद से शाहरुख खान की कोई फिल्म नहीं आई है. 2023 में किंग खान की पठान, जवान और डंकी रिलीज़ हुई थीं. फिलहाल शाहरुख अपनी अगली फिल्म किंग में बिज़ी हैं. इस फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं. इसमें शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना भी नज़र आएंगी. इसी फिल्म से सुहाना का बड़े पर्दे पर डेब्यू होने वाला है.