जब फिसली शत्रु की जुबान, आया भाजपा का नाम

शत्रुघ्‍न सिन्हा

भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर शनिवार को बिहार के वरिष्‍ठ भाजपा नेता और सांसद शत्रुघ्‍न सिन्हा कांग्रेस में शामिल हो गए। इस मौके पर जब शत्रुघ्‍न को माइक दिया गया, तो उनकी जुबान कुछ ऐसी फिसली कि न चाहकर भी भाजपा की तारीफ कर गए।

असल में हुआ यह कि शत्रुघ्‍न ने बिहार कांग्रेस के अध्‍यक्ष शक्ति सिंह गोहिल को बिहार भाजपा का अध्‍यक्ष बताते हुए उनकी तारीफ कर दी। शत्रुघ्‍न ने कहा कि शक्ति सिंह गोहिल बिहार और गुजरात में भाजपा की रीढ़ की हड्डी हैं। तभी किसी ने उन्हें याद दिलाया कि गोहिल बिहार कांग्रेस के प्रमुख हैं। इसके बाद शत्रु ने अपनी बात को दुरुस्त करते हुए कहा कि पुरानी पार्टी को छोड़कर आया हूं, तो कुछ गलती हो जाती है। इसे सुधारते हुए समझने की जरूरत है, क्योंकि यह जानबूझकर नहीं कहा गया है।

इस मौके पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस परिवार और भारत के लोगों के लिये आज बेहद खुशी का क्षण है कि श्री शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस में शामिल हो गये हैं। हम उनका स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई झूठ बोलता है तो शत्रुघ्न जी कहते हैं खामोश!

शत्रुघ्‍न सिन्हा ने कहा कि हमने भारतीय जनता पार्टी में धीरे-धीरे लोकतंत्र को तानाशाही में परिवर्तन होते हुए देखा। मेरा कसूर यही था कि मैं सच्चाई और सिद्धांतों पर टिका रहा। हमने देश हित में किसानों, युवाओं और रोजगार की बातें कीं। अगर हमने नोटबंदी के खिलाफ बोला, तो हम बागी हो गये? अगर सच कहना बगावत है तो समझो हम भी बागी हैं! उन्होंने कहा कि नोटबंदी विश्व का सबसे बड़ा घोटाला है। भाजपा ने किसी की कद्र नहीं की और अपने विरोधियों को दुश्मन की नज़र से देखा।

शत्रुघ्‍न सिन्हा से पूछा गया कि क्या उनकी पत्नी पूनम लखनऊ से भाजपा सांसद राजनाथ सिंह को चुनौती दे सकती हैं। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि कुछ भी हो सकता है। इस बारे में जल्द फैसला लिया जाएगा।