Shine City Scam: UAE में गिरफ्तार राशिद नसीम, ₹1000 करोड़ निवेश घोटाले का आरोपी भारत लाया जाएगा

Shine City Scam: UAE में गिरफ्तार राशिद नसीम, ₹1000 करोड़ निवेश घोटाले का आरोपी भारत लाया जाएगा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित शाइन सिटी घोटाले मामले में मुख्य आरोपी राशिद नसीम को गिरफ्तार कर लिया गया है. हालांकि राशिद की गिरफ्तारी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हुई है. उसकी यह गिरफ्तारी ED के कहने पर की गई है. नसीम, शाइन सिटी ग्रुप के प्रमोटर हैं, जिन पर ₹800-1000 करोड़ के निवेश धोखाधड़ी का आरोप है. राशिद के खिलाफ देशभर में 500 से ज्यादा मामले दर्ज हैं.

राशिद पर यूपी समेत देश के कई अन्य राज्यों में मामले दर्ज हैं. इसमें उसपर करीब 1000 करोड़ रुपये की कथित ठगी करने का आरोप है. अधिकारियों के अनुसार दुबई पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है. अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और यूपी पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) उसे भारत लाने की प्रक्रिया में जुट गई हैं.

राशिद पर 800-1000 करोड़ के निवेश धोखाधड़ी का आरोप है. लखनऊ PMLA कोर्ट ने उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया था. ED ने उनकी ₹127 करोड़ की संपत्ति भी जब्त की है. यह गिरफ्तारी मनी लॉन्ड्रिंग जांच का हिस्सा है. आरोप है कि ज्यादा मुनाफे का लालच देकर लोगों से पैसा जुटाया गया.

नेपाल के रास्ते भागा था यूएई

ED के मुताबिक, नसीम ने जानबूझकर जांच से बचने की कोशिश की. समन भेजे जाने के बावजूद वह पेश नहीं हुआ. बाद में वह नेपाल के रास्ते भारत से भागकर दुबई में रहने लगा. दिसंबर 2025 में कोर्ट ने उसकी करीब ₹127.98 करोड़ की संपत्ति जब्त करने का आदेश भी दिया था.

जनवरी 2026 में ED ने UAE अधिकारियों को नसीम के खिलाफ एक विस्तृत डोजियर सौंपा था, जिसमें भारत में उसके खिलाफ की गई कानूनी कार्रवाई की जानकारी थी. इसके बाद ही यूएई में उसे गिरफ्तार किया गया है.

जल्द भारत आएगा राशिद

यूएई में गिरफ्तारी के बाद इस समय राशिद वहां की पुलिस की हिरासत में है. भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू कर सकती है. ताकि उसे भारत लाया जा सके. इसके साथ उस पर मामला चलाया जा सके.

शाइन सिटी घोटाले का मास्टरमाइंड राशिद नसीम प्रयागराज के जीटीबी नगर, करेली का रहने वाला है. राशिद के खिलाफ ज्यादातर मामले लखनऊ में ही दर्ज हैं. उसपर आरोप है कि राशिद नसीम ने दोगुने रिटर्न का लालच देकर लोगों से ठगी की थी. जांच एजेंसियों का दावा है कि दुबई में बैठकर राशिद पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था.