इटावा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने सुभासपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने सपा को “यादववादी पार्टी” बताया था। शिवपाल ने तंज कसते हुए कहा कि “राजभर के मुंह में सिर्फ डॉट-डॉट-डॉट है।”
शिवपाल यादव इटावा के अभिनयपुर गांव में समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब ओम प्रकाश राजभर समाजवादी पार्टी के साथ थे, तब वह भारतीय जनता पार्टी, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के बारे में क्या-क्या कहते थे, यह सभी जानते हैं।
राम मंदिर में कथित चढ़ावा अनियमितता के मामले पर भी शिवपाल यादव ने प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बड़े लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ समान कार्रवाई की मांग की।
बिजली दरों के मुद्दे पर भी शिवपाल ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली पहले से ही महंगी है और सरकार जनता के विरोध के बाद अपने बयान बदल रही है। साथ ही उन्होंने पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर शिवपाल यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुटने और जनता के बीच पार्टी की नीतियां पहुंचाने का आह्वान किया।




