‘हमें इंतजार करना होगा’, एक्जिट पोल और लोकसभा चुनाव नतीजों पर सोनिया गांधी की ये रही प्रतिक्रिया, राहुल गांधी ने 295 सीट जीतने का किया है दावा

‘हमें इंतजार करना होगा’, एक्जिट पोल और लोकसभा चुनाव नतीजों पर सोनिया गांधी की ये रही प्रतिक्रिया, राहुल गांधी ने 295 सीट जीतने का किया है दावा

नई दिल्ली। एक तरफ राहुल गांधी ने दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसेवाला के गाने का हवाला देकर दावा किया है कि लोकसभा में विपक्ष की 295 सीटें आने जा रही हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के तमाम और नेता भी यही दावा कर चुके हैं, लेकिन अब कांग्रेस की पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी ने एक्जिट पोल पर पहली बार अपनी राय दी है। सोनिया गांधी ने कहा है कि पूरी उम्मीद है कि लोकसभा चुनाव के नतीजे एक्जिट पोल के बिल्कुल उलट रहने वाले हैं। हालांकि, साथ ही सोनिया गांधी ने ये भी कहा है कि हमें अभी इंतजार करना होगा। सोनिया गांधी ने इससे ज्यादा कुछ और नहीं कहा।

ये पहली बार है, जब कांग्रेस की सबसे दिग्गज नेता ने लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर अपनी राय रखते हुए एक्जिट पोल के उलट रिजल्ट आने की उम्मीद तो जताई, लेकिन साथ ही इंतजार करने के लिए भी कहा है। दरअसल, सभी एक्जिट पोल में दावा किया गया है कि लगातार तीसरी बार भी केंद्र में मोदी सरकार बनने जा रही है। तीन एक्जिट पोल में तो ये दावा भी किया गया है कि पीएम नरेंद्र मोदी के दिए 400 पार के नारे को भी एनडीए हासिल करने वाला है। इसी बारे में जब रविवार को राहुल गांधी से पूछा गया था, तो उन्होंने एक्जिट पोल को मोदी सरकार का बताते हुए 295 सीट आने का दावा किया था।

इस बार एक तरफ बीजेपी और दूसरी तरफ तमाम बड़े विपक्षी दलों ने एकजुट होकर लोकसभा का चुनाव लड़ा है। विपक्षी दलों ने तमाम वादे किए हैं। इनमें हर युवा को एक साल की इंटर्नशिप के दौरान 1 लाख रुपए देना, महिलाओं को हर साल 1 लाख रुपए देना, 10 किलो मुफ्त राशन, अग्निवीर योजना खत्म करना शामिल है। वहीं, बीजेपी ने कांग्रेस पर मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करने, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में न जाने, विरासत कर लगाने और संपत्ति के पुनर्वितरण करने की तैयारी जैसे आरोप लगाकर चुनावी समर में हिस्सा लिया है। अब कल यानी 4 जून को पता चलेगा कि देश की जनता तीसरी बार फिर पीएम मोदी को देश की सत्ता सौंपती है, या इस बार विपक्ष को सरकार बनाने का मौका मिलता है।