दिनेश खटीक के इस्तीफे पर सपा प्रमुख ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- कभी-कभी उल्टा भी चलता है बुलडोजर

दिनेश खटीक के इस्तीफे पर सपा प्रमुख ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा-  कभी-कभी उल्टा भी चलता है बुलडोजर
उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री दिनेश खटीक के पद छोड़ने पर समाजवादी पार्टी के मुखियाअखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि कभी-कभी बुलडोजर उल्टा भी चलता है।
दिनेश खटीक ने  केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। सपा प्रमुख ने इसे सही फैसला बताते हुए ट्वीट किया कि जहां मंत्री होने का सम्मान तो नहीं परंतु दलित होने का अपमान मिले… ऐसी भेदभावपूर्ण भाजपा सरकार से त्यागपत्र देना ही अपने समाज का मान रखने के लिए यथोचित उपाय है। कभी-कभी बुलडोज़र उल्टा भी चलता है।

सपा प्रमुख ने पूछा, अब किसकी बारी
उन्होंने एक दूसरे ट्वीट में कहा कि यूपी  बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार और कुशासन की क्रॉनॉलॉजी समझिए:
– पहले लोक निर्माण विभाग के मंत्रालय में विद्रोह
– फिर स्वास्थ्य मंत्रालय में विद्रोह
– अब जल शक्ति मंत्रालय में विद्रोह
जनता पूछ रही है, उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार ईमानदारी से बताए… अब अगली बारी किसकी है?