113 Not out ने कोरोना को किया क्लीन बोल्ड, अब हर कोई जानना चाह रहा लंबी उम्र का राज

राजसत्ता एक्सप्रेस। कोरोना काल में बुजुर्गों का बहुत अच्छे से ख्याल रखें। ये बात कई बार डॉक्टरों द्वारा बताई गई है। यहां तक की देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई बार ये दोहराते दिखाई दिए हैं। लेकिन ऊपर तस्वीर में नजर आ रही ये बुजुर्ग महिला 113 साल की है और आप यकीन नहीं करेंगे, कोरोना संक्रमित इस बुजुर्ग ने वायरस को परास्त कर दिखाया है। अब ये बिल्कुल ठीक हैं। ये महिला मारिया ब्रानयास स्पेन में रहने वाली हैं, लेकिन इनका जन्म अमेरिका में हुआ था। आपको बता दें कि मारिया दुनिया में कोरोना से ठीक होने वाली सबसे अधिक उम्र की महिला मानी जा रही हैं।

मारिया को अप्रैल में पता चला कि वो कोरोना संक्रमित हैं। इस वक्त वो स्पेन के ओलॉट शहर में रह रही थीं। मारिया ने रिटायरमेंट होम में ही कोरोना वायरस को हरा दिया। वो पिछले 20 सालों से ओलॉट में रिटायरमेंट होम में रह रही हैं, जिसका नाम Santa Maria del Tura है। जहां कई अन्य कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी हैं, लेकिन मारिया ने सारी एहतियात बरतीं। वो अपने कमरे में आइसोलेशन में रहीं। रिटायरमेंट होम की प्रवक्ता ने बताया कि मारिया अब कोरोना वायरस को परास्त कर चुकी हैं और वो बिल्कुल ठीक हैं। मारिया मे कोरोना के हल्के लक्षण देखने को मिले थे। बीते सप्ताह मारिया का कोरोना टेस्ट कराया गया था, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। बीमारी के दौरान उनके कमरे में सिर्फ एक ही स्टाफ को जाने की अनुमति थी, जो पीपीई पहनकर प्रवेश करती थी।

पढ़ें: हमेशा पुतिन के साथ रहने वाले प्रवक्ता दिमित्री कोरोना पॉजिटिव, अमेरिका के बाद रूस में तेजी से फैला संक्रमण

तीन बच्चों की मां मारिया ने अपने ठीक हो जाने के बाद रिटायरमेंट होम के स्टाफ की खूब तारीफ की है। इस दौरान हर कोई मारिया की लंबी जिंदगी से जुड़ा राज भी जानना चाहता है। लोगों के इन सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वे खुद को भाग्यशाली समझती हैं कि उन्हें अच्छा स्वास्थ्य मिला। मारिया की बेटी रोजा मोरेट ने भी बताया कि अब उनकी मां बिल्कुल स्वस्थ्य है और सभी से बातचीत भी कर सकती हैं।

कौन हैं मारिया?
4 मार्च 1907 को मारिया का जन्म अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में हुआ था।
उनके पिता स्पेन के रहने वाले थे, जो अमेरिका में पत्रकार थे।
पहले विश्व युद्ध के दौरान मारिया एक नाव से अपने परिवार के संग स्पेन आ गई थीं।
मारिया ने 1918-19 के स्पेनिश फ्लू और 1936-39 में स्पेन के सिविल वार का भी दौर देखा।
उस वक्त भी मारिया सुरक्षित रही थीं।

बता दें कि स्पेन में कोविड-19 से 27 हजार से भी ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

पढ़ें: लॉकडाउन हटाना इस देश को पड़ा भारी, केस बढ़े तो दोबारा लगाना पड़ा

Previous articleकोरोना काल में उत्तराखंड सरकार के बड़े फैसले, बिजली बिल के अलावा यहां मिलेगी राहत
Next articleVIDEO: जब रणबीर -आलिया ने गाड़ी रोककर पूछा फोटोग्राफर का हालचाल