कोरोना: 14 अप्रैल के बाद भी लॉकडाउन जारी रहने के आसार

कोरोना वायरस के कारण लगाए गए 21 दिन के लॉकडाउन को केंद्र सरकार बढ़ा सकती है। 14 अप्रैल के बाद भी देश में लॉकडाउन हटने के आसार कम दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, कई राज्य सरकार केंद्र सरकार से इसे बढ़ाने को कह रहे हैं।

इसके साथ ही कोरोना मरीजों की संख्या में हो रही बढ़ोतरी के मद्देनजर कई एक्सपर्ट्स ने भी लॉकडाउन को और कुछ हफ्तों के लिए बढ़ाने की बात कही है। कई राज्यों की तरफ से इसे लेकर लगातार कहा जा रहा है कि हालात के मुताबिक ही लॉकडाउन पर फैसला लिया जाएगा। केंद्र सरकार भी लॉकडाउन को बढ़ाने पर विचार कर रही है।

उधर महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और झारखंड जैसे राज्य ने लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत दिए। सोमवार को मुख्यमंत्री के. चन्द्रशेखर राव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया कि देश में लागू 21 दिन के लॉकडाउन की अवधि के बारे में 14 अप्रैल के बाद विस्तार किया जाए क्योंकि लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए ये जरूरी है।

इसी तरह छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी और लॉकडाउन के बाद रेलवे, हवाई यात्रा और राज्यों के बीच सड़क मार्ग को शुरू करने को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने आशंका जताई कि अगर ये सब सेवाएं शुरू हुईं तो दूसरे राज्यों से कोरोना पॉजिटिव छत्तीसगढ़ आ सकते हैं। उन्होंने पीएम मोदी को सुझाव दिया कि इन सेवाओं को शुरू करने से पहले पूरी तरह से विचार करें।