T20 World Cup 2026 Points Table: वेस्टइंडीज का 5.35 रन रेट, सुपर-8 में टीम इंडिया पर खतरा!

T20 World Cup 2026 Points Table: वेस्टइंडीज का 5.35 रन रेट, सुपर-8 में टीम इंडिया पर खतरा!

T20 World Cup 2026 Points Table: जिम्बाब्वे को हराने के बाद वेस्टइंडीज के रन रेट में आग लग गई है. उसके रन रेट ने नई बुलंदी को छू लिया है. वो अब ग्रुप ए के पॉइंट्स टेबल में टॉप की टीम बन गई है. उसके और दूसरे नंबर पर मौजूद साउथ अफ्रीका के रन रेट के बीच अब बड़ा फर्क है. ग्रुप ए के पॉइंट्स टेबल में वेस्टइंडीज का रन रेट ऐसा दिख रहा है, जैसे वो किसी बॉलर की इकॉनमी हो. वेस्टइंडीज का रन रेट 5 से भी ऊपर का है और ये खबर टीम इंडिया की सेहत के लिए अच्छी नहीं है क्योंकि भारतीय टीम पर सुपर-8 से ही बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है.

वेस्टइंडीज के रन रेट में लगी ‘आग’

अब सबसे पहले तो ये देख लीजिए कि जिम्बाब्वे को सुपर-8 में बुरी तरह से रौंदने वाली कैरेबियाई टीम का रन रेट कहां जा पहुंचा है? जिम्बाब्वे को हराने के बाद ग्रुप ए के पॉइंट्स टेबल में साउथ अफ्रीका को पछाड़कर टॉप की टीम बनी वेस्टइंडीज का रन रेट अब 5.35 का हो गया है. उसके और साउथ अफ्रीका के अंक 2-2 ही हैं. मगर दोनों के बीच रन रेट का बड़ा फासला है. वेस्टइंडीज का रन रेट जहां किसी गेंदबाज की इकॉनमी जैसी 5.35 का लग रहा है. वहीं साउथ अफ्रीका का रन रेट 3.8 का ही है.

सुपर-8 के पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया का बुरा हाल

जिम्बाब्वे पर वेस्टइंडीज की जीत से टीम इंडिया को बस ये फायदा हुआ कि अब वो T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में ग्रुप ए के पॉइट्स टेबल में सबसे नीचे नहीं है. मगर उसके सिर पर सुपर-8 से ही बाहर होने का खतरा अब भी बरकरार है. भारतीय टीम का रन रेट साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 का पहला मुकाबला गंवाने के बाद -3.8 का है. साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से रौंदा था. मगर जिम्बाब्वे की हार उससे भी बड़ी रही. जिम्बाब्वे को 107 रन से हार मिली, जिसके बाद उसका रन रेट -5.35 का हो गया है.

टीम इंडिया पर सुपर-8 से बाहर होने का खतरा कैसे?

अब सवाल है कि टीम इंडिया पर सुपर-8 से बाहर होने का खतरा कैसे मंडरा रहा है? दरअसल, वेस्टइंडीज की विकराल जीत के बाद भारत के लिए अब अपने अगले दोनों मैच हर हाल में जीतने जरूरी हो गए हैं. भारत को 26 फरवरी को जिम्बाब्वे और 1 मार्च को वेस्टइंडीज से मैच खेलना है. इन दोनों मैच में जीत के अलावा टीम इंडिया को ये भी मनाना होगा कि साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज से अपना मुकाबला 26 फरवरी को जीत ले. ऐसा नहीं हुआ तो फिर नेट रन रेट को लेकर पेंच फंसेगा, जिससे टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल में जाना मुश्किल हो सकता है.