पंजाब पुलिस ने एक गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामले का खुलासा हुआ है. पुलिस ने बताया कि 15 वर्षीय नाबालिग लड़का संजीव कुमार पाकिस्तानी एजेंसियों और उनके फ्रंटल आतंकी संगठनों के संपर्क में था. पुलिस अधिकारी डी.एस. ढिल्लों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर इस नाबालिग को गिरफ्तार किया गया, जो पिछले करीब एक साल से सोशल मीडिया के माध्यम से सीमा पार बैठे लोगों के संपर्क में था.
मामले में पुलिस का कहना है कि संजीव, जो कि जम्मू के सांबा इलाके का रहने वाला है, वो पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों, आईएसआई और आतंकी मॉड्यूल से जुड़े लोगों से बातचीत कर रहा था. राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी उन्हें साझा कर रहा था. जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से अहम जानकारियां बरामद की गईं. अधिकारी ने बताया कि उसका मोबाइल फोन क्लोन किया गया था, जिससे फोन में मौजूद डेटा को सीधे एक्सेस किया जा सकता था. उसने कुछ महत्वपूर्ण स्थानों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की थी, जिसे लाइव ट्रांसमिट किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.



