बिहार की सियासत में यादव परिवार का ड्रामा थमने का नाम नहीं ले रहा। RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को गैर-जिम्मेदाराना बर्ताव के चलते पार्टी और परिवार से बाहर का रास्ता दिखा दिया। 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किए गए तेज प्रताप ने अब पहली बार इस मसले पर अपनी चुप्पी तोड़ी। सोशल मीडिया पर उन्होंने लालू को लेकर ऐसा इमोशनल पोस्ट लिखा कि हर कोई हैरान है। आइए, जानते हैं इस पूरे ड्रामे की इनसाइड स्टोरी।
तेज प्रताप का इमोशनल पोस्ट
25 मई को लालू ने तेज प्रताप को RJD से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया और परिवार से भी रिश्ता तोड़ लिया। इसके एक हफ्ते बाद तेज ने X पर अपने दिल की बात रखी। उन्होंने लिखा, “मेरे प्यारे मम्मी-पापा, आप दोनों ही मेरी पूरी दुनिया हैं। आपका हर आदेश मेरे लिए भगवान से बढ़कर है। आप हैं तो मेरे पास सब कुछ है। मुझे बस आपका प्यार और भरोसा चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, “पापा, अगर आप न होते तो न ये पार्टी होती, न मेरे साथ सियासत करने वाले जयचंद जैसे लालची लोग। बस आप दोनों हमेशा खुश और स्वस्थ रहें।”
फेसबुक पोस्ट से शुरू हुआ बवाल
ये पूरा विवाद तब भड़का, जब 24 मई को तेज प्रताप के फेसबुक पेज पर एक पोस्ट आई, जिसमें उन्होंने दावा किया कि वो 12 साल से एक युवती के साथ रिलेशनशिप में हैं। हालांकि, कुछ घंटों बाद वो पोस्ट हट गई और तेज ने दावा किया कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था। बता दें कि तेज प्रताप शादीशुदा हैं और उनकी तलाक की अर्जी अभी पटना की फैमिली कोर्ट में पेंडिंग है। इस पोस्ट के अगले ही दिन लालू ने तेज को पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया।
लालू का सख्त रुख
लालू ने X पर तेज प्रताप के खिलाफ सख्त बयान दिया। उन्होंने कहा, “निजी जिंदगी में नैतिकता को ठुकराना हमारे सामाजिक न्याय के संघर्ष को कमजोर करता है। मेरे बड़े बेटे का व्यवहार, पब्लिक आचरण और गैर-जिम्मेदाराना रवैया हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के खिलाफ है। इसलिए, उसे 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है। अब से उसकी पार्टी और परिवार में कोई भूमिका नहीं होगी।” लालू ने तेज के ‘रिलेशनशिप’ वाले दावे का जिक्र तो नहीं किया, लेकिन उनके बर्ताव की कड़ी आलोचना की।
तेजस्वी का रिएक्शन
बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, और RJD इस बार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में मैदान में उतरेगी। इस पूरे विवाद पर तेजस्वी ने कहा, “हम ऐसी चीजों को बिल्कुल पसंद नहीं करते।” उनका इशारा तेज प्रताप के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार की ओर था।
तेज प्रताप का सियासी सफर
तेज प्रताप ने 2015 में बिहार विधानसभा चुनाव से अपनी सियासी पारी शुरू की थी। 2020 में वो दूसरी बार विधायक बने। वो दो बार नीतीश सरकार में मंत्री भी रहे। लेकिन अपने छोटे भाई तेजस्वी के उलट, वो हमेशा किसी न किसी विवाद की वजह से चर्चा में रहे। चाहे वो उनके अजीबोगरीब बयान हों या फिर अब ये पारिवारिक ड्रामा।



