अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की दिल्ली मेट्रो पर लिखी गई धमकियां, AAP ने बीजेपी पर लगाया साजिश का आरोप

अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की दिल्ली मेट्रो पर लिखी गई धमकियां, AAP ने बीजेपी पर लगाया साजिश का आरोप

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी इन दिनों मुश्किलों में घिरी हुई है। पहले पार्टी के बड़े नेताओं की एक के बाद एक दिल्ली शराब नीति घोटाला केस में गिरफ्तारी उसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल जाने से पूरी पार्टी को बड़ा झटका लगा। लेकिन इसके बाद पहले सांसद संजय सिंह को बेल मिली तो फिर चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी जेल से जमानत मिल गई। जमानत मिलने के बाद से ही सीएम केजरीवाल लगातार चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।

इस बीच दिल्ली में आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने मुख्यमंत्री के PA विभव कुमार पर सीएम आवास के भीतर मारपीट और बदसलूकी करने के आरोप लगाए। कुल मिलाकर पार्टी के भीतर ही विवाद छिड़ा हुआ है। इस बीच आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। हाल ही में अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। ये धमकियां मेट्रो के पिलर्स, मेट्रो आदि पर लिखी गई हैं। इसके लिए आप ने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने हाल ही में एक प्रेस कांफ्रेंस कर ये बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मोदी और शाह बदले की भावना की तहत केजरीवाल की जान लेना चाहते हैं। अगर केजरीवाल को कुछ भी होता है तो इसके लिए बीजेपी जिम्मेदार है। संजय सिंह ने भाजपा पर जेल के भीतर मुख्यमंत्री केजरीवाल के खिलाफ षड्यंत्र रचने का भी आरोप जड़ दिया।

सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट इस षड्यंत्र को वक्त रहते समझा गया और केजरीवाल को बेल दे दी गई। इसके बाद अंकित गोयल नाम के एक शख्स की फोटो दिखाते हुए उन्होंने कहा कि इस व्यक्ति ने ही पटेल नगर मेट्रो स्टेशन पर केजरीवाल को धमकी लिखी है। अगर आप इसकी भाषा को गौर से पढेंगे तो आप समझ जाएँगे कि ये ठीक वही भाषा है जो बीजेपी की है। खुले आम कैसे बीजेपी वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री को धमकी दे रहे हैं। हालांकि आप के इस आरोप पर भारतीय जनता पार्टी की तरफ से अभी कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है।