गृह मंत्री शाह के दौरे का आज तीसरा दिन, देर रात पहुंचे जवानों के मध्य, कही ये बात !

गृह मंत्री शाह के दौरे का आज तीसरा दिन, देर रात पहुंचे जवानों के मध्य, कही ये बात !
जम्मू। गृहमंत्री अमित शाह के तीन दिन के जम्मू-कश्मीर दौरे का आज अंतिम दिन है। वह आज पुलवामा के लेथपोरा जाएंगे। बाद में शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर में बैठक करेंगे। बाद में शाम को लगभग 6 बजे अमित शाह को एक रैली को भी संबोधित करना है। इससे पूर्व शाह ने रविवार को जम्मू में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा किया था। वहां उन्होंने तैनात BSF के जवानों से बात की थी और उनकी वीरता को सराहा था। शाह ने कहा था कि जवानों को अपने परिवार के लिए बिल्कुल चिंता नहीं करनी होगी। PM नरेंद्र मोदी के अगुवाई वाली सरकार ने उनके परिवार की जिम्मेदारी ले रखी है।
गृह मंत्री  ने देर रात सीमा के आखिरी हिस्से मकवाल का भी दौरा किया था। उन्होंने वहां लोगों से कहा था कि मोदी सरकार सीमा से जुड़े हर क्षेत्र में सुविधाएं देने और विकास का कार्य कराने के लिए प्रयास कर रही है। मकवाल में अग्रिम सीमा चौकी का दौरा करते वक्त उनके साथ लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा भी उपस्थित थे। शाह ने बाद में ट्वीट में लिखा, ‘सभी देशवासियों के ओर से, मैंने हमारे सुरक्षा बलों की वीरता को सलाम किया और अपना आभार जताया। मैं सभी से कहना चाहता हूं कि आपको बिना किसी चिंता के देश की रक्षा करनी चाहिए. मोदी सरकार आपके परिवारों का ख्याल रखेगी।’

केन्द्रीय गृह मंत्री शनिवार को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने सबसे पहले एक शहीद पुलिसकर्मी के परिजनों से भेंट की थी। जिसके पश्चात घाटी में सुरक्षा और आतंकियों के विरुद्ध  जारी जंग को और तेज करने के लिए सभी अफसरों के साथ बड़ी बैठक की थी। गौरतलब हैकि पुंछ के जंगलों में पाकिस्तानी आतंकियों के साथ सेना की मुठभेड़ को कल 14 दिन हो गए थे। यहां अभी अभियान जारी है। अमित शाह ने स्पष्ट  कह दिया है कि हर हाल में आतंकियों की कमर तोड़ दी जाएगी और जम्मू-कश्मीर में चुनाव कराने के पश्चात हालात सामान्य होने पर उसे फिर से राज्य का दर्जा दिया जाएगा।