Tripura Elections 2023: मतदान करने के बाद सीएम माणिक साहा बोले- बीजेपी विश्वास के फिर खिलाएगी कमल

Tripura Elections 2023: मतदान करने के बाद सीएम  माणिक साहा  बोले- बीजेपी विश्वास के फिर खिलाएगी कमल
त्रिपुरा में 60 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। सीएम  माणिक साहा ने मतदान करने के बाद प्रदेश में एक बार फिर से सरकार बनाने का विश्वास जताया। साथ ही मुख्यमंत्री साहा ने प्रदेश के वोटरों से बड़ी तादाद में मतदान करने और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आग्रह किया।
बोरोडोवाली निर्वाचन क्षेत्र में मतदान करने के बाद न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए साहा ने कहा कि मैं सभी वोटर्स से वोट डालने की अपील करता हूं। सीएम ने विश्वास जताया कि पूर्वोत्तर प्रदेशों में साल के पहले असेंबली इलेक्शन में भारतीय जनता पार्टी सत्ता हासिल करेगी और प्रदेश में लगातार दूसरी बार सरकार बनाएगी।

गौरतलब है कि सीएम वृहस्पतिवार सुबह महारानी तुलसीबती बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मतदान केंद्र पर पहुंचे और लाइन में खड़े होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान (Tripura Elections 2023) के बाद उन्होंने अपनी उंगली पर स्याही दिखाते हुए कहा कि भारी संख्या में सभी वोटर अपने मत का प्रयोग करें।
उन्होंने प्रदेश में शांतिपूर्ण चुनाव की भी बात कही। मुख्यमंत्री साहा ने कहा कि आप सभी देख सकते हैं कि लोग कैसे मतदान करने आए हैं। मुझे विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी यहां निश्चित रूप से सरकार बनाएगी।