यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ चल रही हाई लेवल मीटिंग को बीच में रोककर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फोन लगाया. इस दौरान ट्रंप ने पुतिन से करीब 40 मिनट तक बातचीत की. क्रेमलिन ने इसकी जानकारी दी है. इस बातचीत के दौरान ट्रंप ने अगली बैठक की रूपरेख तैयार की और त्रिपक्षीय मीटिंग की योजना बनाई.
जल्द होगी जेलेंस्की और पुतिन की मुलाकात
इसके मुताबिक, जेलेंस्की और पुतिन पहले आमने-सामने मिलेंगे फिर ट्रंप की मौजूदगी में एक त्रिपक्षीय बैठक होगी. अगस्त के अंत तक पुतिन और जेलेंस्की की मुलाकात संभव है. जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ बैठक के बाद ट्रंप ने कहा कि मैंने राष्ट्रपति पुतिन को फोन किया और जल्द ही राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच एक मुलाकात होगी. इसके बाद त्रिपक्षीय बैठक होगी, जिसमें दोनों राष्ट्रपति और मैं शामिल रहूंगा.

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन भी वाकई कुछ करना चाहते हैं. जब हम मिलेंगे, तो मुझे लगता है कि आपको कुछ वाकई सकारात्मक कदम देखने को मिलेंगे. आज की बैठक के बाद हम इसकी रूपरेखा तैयार करेंगे.
यूक्रेन की सुरक्षा US-यूरोपीय देशों पर- जेलेंस्की
वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हमारी बातचीत बहुत अच्छी रही, लेकिन सबसे अच्छा अभी बाकी है. हमने बहुत ही संवेदनशील मुद्दों पर बात की, जिनमें से पहला सुरक्षा गारंटी का था. यूक्रेन की सुरक्षा अमेरिका और यूरोपीय देशों पर निर्भर करती है. त्रिपक्षीय बैठक में सभी संवेदनशील मुद्दों और बाकी सभी बातों पर चर्चा की जाएगी. ट्रंप इस बैठक को आयोजित करने का प्रयास करेंगे.
जंग पर फैसला दो हफ्तों में हो जाएगा- ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि रूस यूक्रेन की जंग जारी रहेगी या शांति आएगी, इसका फैसला दो हफ्ते में हो जाएगा. उन्होंने कहा कि युद्ध खत्म करने के लिए सीजफायर की जरूरत नहीं है. सीजफायर सिर्फ अस्थायी समाधान है. हम दीर्घकालिक शांति समझौते पर बात कर रहे हैं. युद्धविराम से ज्यादा अहम शांति संधि है. मेरी प्राथमिकता लोगों को बचाना है. उम्मीद है कि बैठक से कुछ निकलेगा.



