अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति और यूरोपीय नेताओं के साथ सोमवार को बैठक की. इस दौरान ट्रंप ने यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी का भरोसा दिया. एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन ने सुरक्षा गारंटी के बदले 100 अरब डॉलर (₹8.3 लाख करोड़) के अमेरिकी हथियार और 50 अरब डॉलर(₹4.2 लाख करोड़) के ड्रोन खरीदने का प्रस्ताव रखा है. यूक्रेन को ये पैसे यूरोपीय देश मिल कर देंगे. ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि हम नाटो को ही हथियार बेचेंगे. नाटो चाहे तो हथियार यूक्रेन को दे.
हथियार खरीद का ये प्रस्ताव जेलेंस्की और ट्रंप की व्हाइट हाउस में होने वाली मुलाकात से पहले यूरोपीय सहयोगियों के साथ साझा किया गया था. अमेरिका से कौन से हथियार और ड्रोन खरीदे जाएंगे, इसकी पूरी डिटेल सामने नहीं आई है. हालांकि यूक्रेनी अधिकारियों ने मिसाइलों और डिफेंस डिवाइस के साथ शहरों और बुनियादी ढांचे की रक्षा के लिए 10 अमेरिकन मेड पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की डिमांड की है.
यूक्रेन को आर्टिकल 5 जैसी सुरक्षा गारंटी मिल सकती है
ट्रंप ने कहा था कि यूक्रेन को नाटो के आर्टिकल 5 जैसी सुरक्षा गारंटी दी जाएगी, लेकिन उसे औपचारिक रूप से नाटो में शामिल नहीं किया जाएगा. नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी के आर्टिकल 5 को वाशिंगटन संधि के तौर पर भी जाना जाता है. इसमें कहा गया है कि यूरोप या उत्तरी अमेरिका में अलायंस के 32 सदस्यों में से किसी के खिलाफ सशस्त्र हमला उन सभी के खिलाफ हमला माना जाएगा. अगर इस समझौते पर बात आगे बढ़ती है, तो यह पुतिन के रुख में एक बड़ा बदलाव होगा. पुतिन शुरू से ही यूक्रेन को नाटो जैसी सुरक्षा गारंटी दिए जाने के खिलाफ रहे हैं.
जर्मन चांसलर बोले- पुतिन-जेलेंस्की 2 हफ्ते में मिलेंगे
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने बताया कि पुतिन 15 दिन के भीतर जेलेंस्की से मुलाकात को राजी हो गए है. ट्रंप के साथ फोन पर बातचीत के दौरान उन्होंने मुलाकात के लिए हामी भरी. मुलाकात की जगह अभी तय नहीं है. यूरोपीय नेता चाहते हैं कि आगे होने वाली किसी भी बातचीत से पहले सीजफायर हो. हालांकि ट्रंप ने सीजफायर को अस्थायी समाधान बताया है. उन्होंने कहा कि जंग रोकने के लिए सीजफायर की जरूरत नहीं है.
जंग पर फैसला दो हफ्तों में हो जाएगा- ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि रूस यूक्रेन की जंग जारी रहेगी या शांति आएगी, इसका फैसला दो हफ्ते में हो जाएगा. जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ बैठक के बाद ट्रंप ने कहा कि मैंने राष्ट्रपति पुतिन को फोन किया, जल्द ही पुतिन और जेलेंस्की के बीच मुलाकात होगी. इसके बाद त्रिपक्षीय बैठक होगी, जिसमें दोनों राष्ट्रपति और मैं शामिल रहूंगा.
ट्रंप ने सोमवार को जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ वार्ता के दौरान कहा कि जंग कब खत्म होगी और रूस की ओर से कब्जा किए गए यूक्रेनी इलाके पर किसका हक होगा, इस पर दोनों देशों के नेताओं के बीच आमने-सामने की बैठक में चर्चा होनी चाहिए.



