उन्नाव रेप केस में बीजेपी के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाई कोर्ट से जो राहत मिली थी, उसपर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी. हाई कोर्ट ने सेंगर की सजा पर रोक लगाई थी. इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी. सर्वोच्च अदालत ने सोमवार को इसपर सुनवाई की. उसका ये फैसला कुलदीप सेंगर के लिए बड़ा झटका है. अदालत का आदेश आने के बाद कुलदीप सेंगर की दोनों बेटियां ऐश्वर्या और इशिता अपने पिता के लिए एक्टिव हो गईं. दोनों अपने पिता को निर्दोष बताने में जुटी हैं.
ऐश्वर्या ने तो यहां तक कहा कि उनके पिता अगर उस लड़की (पीड़िता) की तरफ आंख उठाकर भी देखा हो तो उन्हें फांसी दी जाए. वहीं इशिता ने अपने पिता के लिए सोशल मीडिया पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट लिखा. ऐश्वर्या और इशिता समय-समय पर ‘एक्स’ पर कुलदीप सेंगर के लिए लिखती रही हैं. दोनों के एक्स पर जितने भी पोस्ट हैं वो ज्यादातर सेंगर से जुड़ी हैं. वे दलीलें देकर अपने पिता के पक्ष में आवाज उठाती रहती हैं. ऐसे ही उन 10 दलीलों पर नजर डालते हैं, जिनके आधार पर ऐश्वर्या और इशिता अपने पिता को पाक साफ बता रही हैं.



