सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन, एम्स में ली अंतिम सांस

नई दिल्ली, राजसत्ता एक्सप्रेस। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्य़नाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन दिल्ली के एम्स अस्पताल में हो गया। उन्होंने सुबह 10.44 बजे अंतिम सांस ली है। वे 89 वर्ष के थे। जानकारी के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार उनके गृह जिले पौढ़ी-गढ़वाल में किया जाएगा। वे किडनी, लीवर की बीमारी से ग्रस्त थे। रविवार देर रात उनकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया था।

इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट की हालत बीते कुछ दिनों से गंभीर बताई जा रही थी। एम्स के डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें किडनी और लिवर की दिक्कत थी। आनंद सिंह बिष्ट की तबीयत खराब होने पर उन्हें पिछले महीने 13 मार्च को एम्स में भर्ती कराया गया था। एक महीने से भी अधिक समय से यहां गेस्ट्रो विभाग के डॉक्टर विनीत आहूजा की टीम उनका इलाज कर रही थी।

फिलहाल जानकारी ये मिली है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होंगे। इसके अलावा सीएम ने खुद को एकांतवास में रखा है। सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि अपनी किसी भी मुलाकात को फिलहाल के लिये रद कर दिया है।

इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि इस खबर से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने ट्वीट किया कि ईश्वर परिजनों को दुख सहने की शक्ति दें।

दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मुख्यमंत्री के पिता के निधन पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

Previous articleमहाराष्ट्र: पुलिस खड़ी देखती रही और भीड़ ने साधुओं को पीट-पीट कर मार डाला, संत समाज में उबाल
Next articleपिता के अंतिम संस्कार में नहीं जाएंगे सीएम योगी, संदेश भेजकर बताई ये वजह